भूस्खलन से दहला कुल्लू: निरमंड में दबे घर...1 की मौत, 4 लापता और 3 गंभीर घायल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
punjabkesari.in Tuesday, Sep 09, 2025 - 10:24 AM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में निरमंड के शमानी गांव में एक दुखद घटना सामने आई है। देर रात करीब 2 बजे भारी भूस्खलन के कारण एक घर मलबे की चपेट में आ गया, जिसमें 8 लोग दब गए। इस हादसे में एक महिला रेवती देवी (पत्नी शिव राम) की मौत हो गई, जबकि चार लोग अभी भी लापता हैं। तीन अन्य घायल लोगों को निरमंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों की पहचान शिव राम, धर्म दास और कला देवी के रूप में हुई है, जिनका इलाज चल रहा है। लापता लोगों में चुनी लाल, अंजना, 5 वर्षीय भूपेश और 7 वर्षीय जागृति शामिल हैं। आशंका है कि ये सभी मलबे के नीचे दबे हुए हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोग भी लापता लोगों की तलाश में जुट गए हैं। घाटू पंचायत के प्रधान भोगाराम ने बताया कि उन्हें रात करीब 2 बजे भूस्खलन की सूचना मिली। तुरंत उन्होंने प्रशासन को इसकी जानकारी दी और मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने पर देखा कि कई लोग मलबे में दबे हुए थे।
निरमंड के एसडीएम मनमोहन सिंह ने बताया कि लापता लोगों की तलाश जारी है और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि बचाव कार्य में मदद के लिए एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम भी बुलाई गई है। एसडीएम ने आगे बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान तीन और शव बरामद हुए हैं, हालांकि उनकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।