Kullu: मामा की मौत के 13 साल बाद फर्जी तरीके से हुआ जमीन का इंतकाल, ताले तोड़कर कमरों पर किया कब्जा
punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2026 - 06:36 PM (IST)
कुल्लू (शम्भू प्रकाश): धार्मिक पर्यटन नगरी मणिकर्ण में एक महिला के मकान पर जबरन कब्जे और जाली दस्तावेजों के सहारे जमीन हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला पिंकी ने न्याय की गुहार लगाते हुए एसपी दफ्तर में डीएसपी हैडक्वार्टर को शिकायत पत्र सौंपा है। महिला ने इस पूरे खेल में आरोपी के साथ-साथ शामिल राजस्व विभाग के कुछ कर्मचारियों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्त्ता पिंकी ने बताया कि मणिकर्ण में श्रीराम मंदिर के पास उनका एक पुश्तैनी मकान है, जिसे उन्होंने वर्ष 2013 में दोबारा नया बनवाया था। इस घर में वह अपनी माता के साथ रहती थी। महिला का आरोप है कि कुछ दिन पहले जब वह अपने पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दूसरे घर पर थी, तो पूर्ण नामक व्यक्ति ने कथित तौर पर गुंडागर्दी दिखाते हुए उनके 3 कमरों वाले मकान के 2 कमरों पर जबरन अवैध कब्जा कर लिया और वहां ताले लटका दिए। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि साल 2023 में भी इसी आरोपी के इशारे पर 2 लोगों ने उनके घर में चोरी को अंजाम दिया था।
शिकायत में जमीन को लेकर फर्जीवाड़े का भी आरोप लगाया गया है। महिला ने बताया कि यह जमीन उसके मामा हुक्मी राम की थी, जिनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और वह देख भी नहीं सकते थे। वर्ष 2013 में उनके मामा का निधन हो गया था। हुक्मी राम की असली वारिस होने के बावजूद पिंकी को भनक तक नहीं लगने दी गई। महिला का आरोप है कि आरोपी ने राजस्व विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों से मिलीभगत करके गत 21 अगस्त को जाली वसीयत के सहारे इस पुश्तैनी जमीन का इंतकाल अपने नाम करवा लिया।
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने बीते रोज भी मणिकर्ण में उसे धमकियां दी हैं। इससे उसे और उसके परिवार को आरोपी से जान का खतरा बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी हैडक्वार्टर ने महिला को आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि शिकायत पत्र को मणिकर्ण थाना में केस दर्ज करने के लिए भेजा जाएगा, जिसके बाद राजस्व विभाग के संलिप्त कर्मचारियों और मुख्य आरोपी से पूछताछ की जाएगी।

