कुल्लू दशहरे के लिए HRTC की 50 विशेष बसें रवाना, स्टार नाइट खत्म होने के बाद भी मिलेगी सुविधा
punjabkesari.in Tuesday, Oct 20, 2026 - 05:51 PM (IST)
कुल्लू (ब्यूरो): अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुचारू यातायात सुविधा प्रदान करने के लिए प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। इसी कड़ी में कुल्लू के विधायक एवं दशहरा उत्सव कमेटी के अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर ने ढालपुर चौक से 50 विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों का संचालन पूरे जिले में यातायात को सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है, ताकि उत्सव में भाग लेने वाले लोगों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
विधायक सुंदर ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के विशेष सहयोग से शुरू किए गए इस बेड़े में प्रदूषण मुक्त आधुनिक इलैक्ट्रिक बसें और सामान्य बसें शामिल की गई हैं। ये बसें शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करेंगी। उत्सव के दौरान रायसन से लेकर बजौरा और जिले के अन्य सभी प्रमुख रूटों पर निरंतर शटल एवं सर्कुलर बस सेवाएं संचालित की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त, कलाकेंद्र में देर रात तक चलने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने वाले दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। इसके तहत व्यवस्था की गई है कि सांस्कृतिक कार्यक्रम समाप्त होने के ठीक आधे घंटे बाद तक लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए आखिरी बस की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इस वर्ष दशहरा उत्सव में देवी-देवताओं के ऐतिहासिक महासमागम और भारी जनसैलाब को देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्रबंध लागू किए गए हैं। कुल्लू शहर में उत्सव के दौरान उत्पन्न होने वाली पार्किंग की गंभीर समस्या और ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए दशहरा उत्सव कमेटी तथा जिला प्रशासन ने आम जनता व ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों से एक विशेष अपील की है। प्रशासन ने आग्रह किया है कि लोग उत्सव में शामिल होने के लिए अपने निजी वाहनों का कम से कम इस्तेमाल करें और सुरक्षित व सुगम यात्रा के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम द्वारा चलाई जा रही इन विशेष शटल बस सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

