दुबई बाजार में पहुंचे हिमाचल के सिंदूरी अनार, कुल्लू से 1.3 टन हुआ निर्यात

punjabkesari.in Friday, Oct 23, 2026 - 10:15 AM (IST)

Kullu News : हिमाचल प्रदेश के बागवानी उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार का विस्तार करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए राज्य सरकार ने कुल्लू जिले से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई में 1.3 टन सिंदूरी किस्म के अनार का निर्यात किया है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को यहां बताया कि राज्य सरकार घरेलू के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच सुलभ बनाकर किसानों और बागवानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए कई कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और वैश्विक बाजारों में अवसरों की तलाश करने में मदद करने के लिए हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। अनार की इस नवीनतम खेप को कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के चंडीगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय के माध्यम से भेजा गया है। ये अनार कुल्लू जिले के किसानों और भुंतर किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) से खरीदे गए थे, जिससे लगभग 600 किसान जुड़े हुए हैं। सुक्खू ने कहा कि सरकार राज्य से कृषि और बागवानी पैदावार के निर्यात को बढ़ावा देने और व्यापक बाजारों तक पहुंच प्रदान करने के लिए किसानों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश ने इससे पहले इस साल जून में ओमान को 400 किलोग्राम चेरी और 400 किलोग्राम प्लम (आलू बुखारा) की शुरुआती खेप निर्यात की थी। ये फल शिमला जिले के जाडोल-टिक्कर और बागी क्षेत्रों के छह प्रगतिशील किसानों ने भेजे थे।

मुख्यमंत्री ने किसानों से अंतरराष्ट्रीय बाजारों की आवश्यकताओं के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाली फलों की किस्मों की खेती पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से हिमाचल प्रदेश के बागवानी उत्पादों को वैश्विक स्तर पर अधिक पहचान मिलेगी और किसानों की आय में सुधार होगा। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार बागवानी क्षेत्र को मजबूत करने और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए बाजार संपकर् की सुविधा प्रदान करना और किसानों को सहायता देना जारी रखेगी। 

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News