बादल फटने से 8 घरों में घुसा मलबा, खेतों में गेहूं नष्ट

punjabkesari.in Tuesday, May 04, 2021 - 12:02 AM (IST)

कुल्लू (संजीव जैन/बुद्धि सिंह) सैंज उपतहसील की अति दुर्गम गाड़ा पारली पंचायत के बनाऊंगी गांव में बादल फटने से आधा दर्जन से अधिक घरों को नुक्सान हुआ है। सोमवार सायंकाल के समय भारी बारिश के चलते गांव के पीछे वाले नाले में बाढ़ आने से  गांव में भारी नुक्सान की सूचना है। सेब के बगीचों व खेतों में गेहूं फसल भी नष्ट हो गई है। पंचायत प्रधान यमुना देवी ने जानकारी देते हुए बताया कि बादल फटने से काफी अधिक नुक्सान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि इसकी सूचना देर तक राजस्व अधिकारियों को दी गई है। पंचायत प्रधान ने बताया कि दूनी चंद, धर्म सिंह, चमन लाल, ज्ञान चंद, नोख सिंह, कुंज लाल, शारदा देवी व किशोरी लाल के घरों में मलबे बाला पानी बढ़ जाने से उनके घरों को नुक्सान पहुंचा है।  नायब तहसीलदार सैंज बालक राम ने बताया कि देर शाम इसकी सूचना मिली है किसी भी तरह की जान-माल के नुक्सान की सूचना नहीं है। मंगलवार को मौके पर राजस्व अधिकारी को भेजा जाएगा तथा नुक्सान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News