Kullu: छेंउर व दोहरानाला में बादल फटे, 3 पुल बहे.. लोगों में अफरा-तफरी का माहौल

punjabkesari.in Monday, Sep 08, 2025 - 10:48 PM (IST)

कुल्लू (शम्भू प्रकाश): जिला कुल्लू के छेंउर और दोहरानाला में सोमवार को बादल फटने से नुक्सान हुआ। छेंउर में 3 पुल बह गए जिससे लोगों के खेत व बगीचे भी बाढ़ की भेंट चढ़ गए। छेंउर गांव के पास बड़ोगी रोड पर नाले में बादल फटने की घटना पेश आई। इस दौरान नाले में बहते हुए मलबे ने क्षेत्र में तबाही मचाई। आसपास के लोगों ने सीटियां बजाकर निचले क्षेत्रों के लोगों को आगाह किया। नाले के आसपास कई लोगों ने भाग कर जान बचाई। उधर, दोहरानाला में भी बाढ़ आने से लोगों की उपजाऊ जमीन को नुक्सान पहुंचा।

छेंउर पंचायत की प्रधान रमेश कुमारी, कारदार नानक छंडी नेगी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य ओम प्रकाश, पूर्व उपप्रधान नंद लाल व श्याम चंद आदि ने बताया कि बादल फटने की घटना से तबाही हुई है। घटना में 3 पुल बह गए जबकि लोगों के खेत व बगीचे तबाह होने से करोड़ों रुपए का नुक्सान हुआ है। जो पुल बह गए उनमें 2 पुल छेंउर और चौंग पंचायत को जोड़ते थे। उन्होंने सरकार व प्रशासन से पुलों का जल्द निर्माण करवाकर प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News