प्रदेश सरकार किसान-बागवान विरोधी, हर मोर्चे पर रही विफल : राठौर
punjabkesari.in Tuesday, Dec 21, 2021 - 07:43 PM (IST)

कुमारसैन (सोनी): कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने प्रदेश सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के किसानों-बागवानों के साथ अन्याय कर रही है। बागवानों को न तो कीटनाशक मिल रहे हैं और न ही फफूंदनाशक। यहां तक कि किसानों को खाद तक भी नहीं मिल रही है। उन्होंने भाजपा को किसान व बागवान विरोधी करार देते हुए कहा कि सरकार द्वारा किसानों-बागवानों को दी जाने वाली सबसिडीयुक्त दवाएं बंद कर दी गई हैं, जिससे बागवानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। राठौर ठियोग ब्लॉक कांग्रेस द्वारा उपमंडल कुमारसैन के थानेधार में प्रदेश में बढ़ती महंगाई के विरोध में आयोजित जनजागरण अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
कोटगढ़ के बनकोटी से थानाधार तक पदयात्रा के दौरान राठौर ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर असफल रही है। उन्होंने कहा कि इस सरकार का न तो बढ़ती महंगाई पर कोई नियंत्रण है और न ही बढ़ती बेरोजगारी पर। उन्होंने कहा कि अब यह सरकार चंद दिनों की मेहमान है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां किसान व बागवान विरोधी ही रही हैं। केंद्र की मोदी सरकार आज देश के बड़े-बड़े उन उपक्रमों को बेच रही है, जहां लाखों लोगों को रोजगार मिलता था। सरकार बैंकों को भी निजी हाथों में सौंप कर देश की अर्थव्यवस्था को अपने चंद लोगों को देने का प्रयास कर रही है। देश आज सुरक्षित नहीं है और देश धीरे-धीरे पूंजीपतियों के हाथों में जा रहा है।
राठौर ने लोगों से आह्वान किया कि एकजुट होकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आगे आएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जन चेतना यात्रा का मुख्य उद्देश्य भी लोगों को भाजपा की इन जन विरोधी नीतियों से अवगत करवाने का है। इस अवसर पर उनके साथ औद्योगिक विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष अतुल शर्मा, एचपीएमसी के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश ठाकुर, पूर्व जिलाध्यक्ष सुधीर भैक, ठियोग कांग्रेस प्रभारी सत्यजीत नेगी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र कंवर, जिला परिषद सदस्य उज्ज्वल मेहता, जिला महासचिव रूपेश कंवल, आरती निर्मोही, संदीप शरोल, राजेश कुमार, प्रमोद चौहान, राजेश शर्मा, दलीप राजटा सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल व विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, पूर्व प्रधान सहित अनेक पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here