Weather Report : जानिए हिमाचल में अगले 5 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम

punjabkesari.in Wednesday, Dec 08, 2021 - 10:12 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में अब 12 दिसम्बर तक मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में मौसम के साफ रहने का पूर्वानुमान लगाया है। इस दौरान प्रदेश में बारिश-बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है, ऐसे में आने वाले 5 दिनों तक प्रदेश में अब धूप खिलने के आसार हैं। धूप खिलने से दिन के समय अब मौसम सुहावना बना रहेगा, ऐसे में प्रदेश के लोगों को ठंड से राहत मिलने के आसार है। प्रदेश में बीते दिनों हुई बारिश व बर्फबारी के बाद प्रदेश में मौसम ठंडा हो गया है। प्रदेश के कई शहरों में तापमान कम हो गया है। लाहौल-स्पीति जिले के अलावा अब शिमला और मनाली के तापमान में भी काफी गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आने के कारण रात के समय ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।

लाहौल-स्पीति जिला के केलांग में सबसे कम तापमान

मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सबसे कम तापमान अभी भी लाहौल-स्पीति जिला के केलांग में है। केलांग में न्यूनतम तापमान -7.0 डिग्री तक पहुंच गया गया है। केलांग के बाद राजधानी शिमला के कुफरी में न्यूतनम तापमान -1.2 डिग्री दर्ज किया गया है। कुल्लू जिला के मनाली में न्यूनतम तापमान 1.8 और किन्नौर जिला के कल्पा में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री दर्ज किया गया है। इसके अलावा राजधानी शिमला में 6.4 डिग्री, सुंदरनगर 4.7, कल्पा 1.9, धर्मशाला 7.8, ऊना 9.4, नाहन 12.7, पालमपुर 7.5, सोलन 4.4, कांगड़ा 1.4, मंडी 5.2, पांवटा साहिब 4.2, जुब्बड़हट्टी 8.0, डल्हौजी 6.1, चम्बा 7.4, बिलासपुर 6.0 और हमीरपुर में 6.9 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।

शिमला, मनाली धर्मशाला और डल्हौजी का रुख कर रहे पर्यटक

हिमाचल में बारिश व बर्फबारी के बाद हिमाचल की चोटियां सफेद चादर से ढक गई हैं। धूप खिलने से मौसम सुहावना हो गया है। सुहावने मौसम का लुत्फ उठाने के लिए पर्यटक बाहरी राज्यों से शिमला, मनाली धर्मशाला और डल्हौजी का रुख कर रहे हैं। मनाली और शिमला में सैलानियों की भीड़ काफी ज्यादा हो गई है। वीकैंड के दौरान होटलों में ऑक्यूपैंसी 80 प्रतिशत तक हो गई है।

प्रदेश में 111 सड़कें अभी भी बंद

हिमाचल प्रदेश में बीते दिनों हुई बारिश व बर्फबारी के कारण प्रदेश में हालत अभी भी नहीं सुधरे हैं। प्रदेश में 111 सड़कें अभी भी बंद हैं। इनमें सबसे ज्यादा सड़कें लाहौल-स्पीति जिला में बंद हंै। लाहौल-स्पीति जिला में कुल 100 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा किन्नौर और कुल्लू जिलों में सड़कें बंद हैं। प्रदेश में हालांकि बिजली के सभी ट्रांसफार्मर सुचारू रूप से चलने लगे हैं लेकिन 51 वाटर सप्लाई की स्कीमें अभी भी बाधित हैं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News