कौल सिंह की सीएम जयराम को चुनौती, बोले-खुले मंच पर आकर करें विकास पर चर्चा

punjabkesari.in Sunday, Feb 06, 2022 - 05:33 PM (IST)

मंडी (रजनीश): कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री को चुनौती दी है कि प्रदेश में 4 साल में किए विकास कार्य पर खुले मंच पर आकर चर्चा करें। वह खुले मंच पर बताएंगे कि हिमाचल में कांग्रेस ने क्या-क्या विकास कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री के झूठ बोलने के बयान पर पलटवार करते हुए कौल सिंह ने कहा कि कांग्रेस नहीं, भाजपा नेता झूठ बोलने में माहिर हैं। थलौट में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा दिए गए बयान पर कौल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम को अपनी भाषा पर नियंत्रण नहीं है या फिर वे जनता को झूठ बोल कर गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा है कि कांग्रेस ने ऐसा कौन-सा कार्य पिछले 40 वर्षों में नहीं किया, वहीं भाजपा ने 4 वर्षों में क्या किया उसे जनता को बताएं। 

कौल सिंह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने ऋण लेकर हिमाचल प्रदेश को कर्ज तले डुबोकर रख दिया है और हर तीसरे महीने ऋण लेकर कर्मचारियों को वेतन दे रहे हैं, बावजूद इसके प्रदेश में विकास कार्य ठप्प पड़े हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो विकास कार्य किए हैं वह शायद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ताउम्र भी नहीं कर सकते हैं जबकि मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा था कि कांग्रेस के वक्त भेदभाव होता था तो इस पर स्थित स्पष्ट कर देना बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि जब जयराम विधायक होते थे तो कांग्रेस ने 5 वर्षों में सराज विधानसभा क्षेत्र में 22 सीनियर सैकेंडरी स्कूल, 3 डिग्री काॅलेज और 5 से 6 प्राइमरी स्वास्थ्य केंद्र खोले हैं। मुख्यमंत्री बताएं कि उन्होंने अपने क्षेत्र में कितने काॅलेज, कितनी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाएं व स्वास्थ्य केंद्र खोले हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हिमाचल प्रदेश में 6 मेडिकल काॅलेज खोले हैं। 4 मेडिकल काॅलेज तो जब मैं स्वास्थ्य मंत्री था उस कार्यकाल में खुले गए थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जितने भी काॅलेज खोले गए हैं वे कांग्रेस सरकार के समय ही खोले गए हैं। 

कौल ने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार है तो वह प्रधानमंत्री मोदी से एक मेडिकल काॅलेज कुल्लू के लिए तो लाएं। इसके अलावा भाजपा की डबल इंजन की सरकार एक इंजीनियर काॅलेज तो हिमाचल के लिए लाए। कौल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश की जनता से भेदभाव किया है। केंद्रीय रोड फंड का 126 करोड़ प्रदेश को आया हुआ था लेकिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर वह सारा पैसा अपने विधानसभा क्षेत्र सराज में ले गए। विकास सिर्फ 2 विधानसभा क्षेत्रों में नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में होना चाहिए।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News