2 मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया! इस हालत में मिला लापता 33 वर्षीय युवक का शव; परिवार में मचा कोहराम
punjabkesari.in Tuesday, Apr 21, 2026 - 12:28 PM (IST)
Kangra News : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लापता युवक का शव जंगल में पेड़ से लटकता हुआ मिला। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
18 अप्रैल को अपने घर से निकला था मृतक
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले की ग्राम पंचायत चकवाड़ी के बाड़च्छ गांव का है। मृतक की पहचान हेमराज (33), पुत्र गिरधारी लाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हेमराज 18 अप्रैल को अपने घर से निकला था, लेकिन जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कहीं पता न चलने पर अगले दिन पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी गई। पुलिस और स्थानीय लोग पिछले दो दिनों से लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे। रविवार देर रात घर से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में एक व्यक्ति ने हेमराज के शव को पेड़ से लटका हुआ देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
दो मासूम बेटों के सिर से उठा पिता का साया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि हेमराज पेशे से वेल्डर था और अपनी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असामयिक मृत्यु ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। वह अपने पीछे पत्नी और तीन व छह वर्ष के दो मासूम बेटों को छोड़ गया है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। मौत के पीछे के असल कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

