न्यायमूर्ति मोहम्मद रफीक ने ली हिमाचल हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की शपथ

punjabkesari.in Thursday, Oct 14, 2021 - 09:40 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): न्यायमूर्ति मोहम्मद रफीक ने वीरवार को शिमला में हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की शपथ ग्रहण की। राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। समारोह का आयोजन राजभवन के दरबार हॉल में किया गया, जहां मुख्य सचिव राम सुभग सिंह ने शपथ समारोह की कार्यवाही का संचालन किया और भारत सरकार के विधि और न्याय मंत्रालय द्वारा जारी हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति मोहम्मद रफीक के स्थानांतरण संबंधी अधिसूचना को पढ़ा। वहीं इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उनकी धर्मपत्नी डाॅ. साधना ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थीं।

न्यायमूर्ति मोहम्मद रफीक का जन्म राजस्थान में चुरू जिला के सुजानगढ़ में 25 मई 1960 को हुआ। उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से वर्ष 1980 में बीकॉम, वर्ष 1984 में एलएलबी और वर्ष 1986 में एमकॉम की डिग्री हासिल की। 8 जुलाई, 1984 को राजस्थान बार काऊंसिल में पंजीकरण के बाद उन्होंने अधिवक्ता के रूप में कार्य आरंभ किया। उन्होंने राजस्थान उच्च न्यायालय जयपुर में विधि की लगभग सभी शाखाओं में प्रैक्टिस की, जिनमें संवैधानिक मामले, सेवा मामले, भूमि अधिग्रहण मामले, भू-राजस्व मामले, सीमा शुल्क व आबकारी मामले, कर मामले, कंपनी मामले और आपराधिक मामले इत्यादि प्रमुख थे।

उन्होंने 15 जुलाई, 1986 से 21 दिसम्बर, 1987 तक राजस्थान राज्य के सहायक राजकीय अधिवक्ता और 22 दिसम्बर, 1987 से 29 जून, 1990 तक उप राजकीय अधिवक्ता के रूप में कार्य किया। उन्होंने वर्ष 1993 से 1998 तक राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की ओर से उच्च न्यायालय के पैनल अधिवक्ता के रूप में पैरवी की। उन्होंने वर्ष 1992 से 2001 तक स्टैंडिंग काऊंसिल के रूप में उच्च न्यायालय के समक्ष यूनियन ऑफ  इंडिया का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने राजस्थान उच्च न्यायालय के समक्ष भारतीय रेलवे, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, राजस्थान मुस्लिम वक्फ बोर्ड, जयपुर विकास प्राधिकरण, राजस्थान हाऊसिंग बोर्ड और जयपुर नगर निगम का प्रतिनिधित्व भी किया।

वह 7 जनवरी, 1999 को राजस्थान राज्य के अतिरिक्त महाधिवक्ता नियुक्त किए गए और बैंच के लिए स्तरोन्नत होने तक इसी पद पर कार्यरत रहे। वह 15 मई, 2006 को राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त हुए। वह 7 अप्रैल, 2019 से 4 मई, 2019 और 23 सितम्बर, 2019 से 5 अक्तूबर 2019 तक दो बार राजस्थान उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रहे। मुख्य न्यायाधीश बनने से पूर्व वह राजस्थान राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष और राजस्थान उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधीश भी रहे। वह 13 नवम्बर, 2019 से 26 अप्रैल, 2020 तक मेघालय उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश भी रहे। मेघालय उच्च न्यायालय से स्थानांतरित किए जाने के बाद 27 अप्रैल 2020 को न्यायमूर्ति मोहम्मद रफीक ने ओडिशा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की। ओडिशा उच्च न्यायालय से स्थानांतरित किए जाने पर 3 जनवरी, 2021 को उन्होंने मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश की शपथ ली।

इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला, आरट्रैक के जीओसी-इनसी लैफ्टिनैंट जनरल राज शुक्ला, महाधिवक्ता अशोक शर्मा, विभिन्न आयोगों के अध्यक्ष, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, महापौर सत्या कौंडल, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, मुख्य न्यायाधीश की धर्मपत्नी सीमा रफीक और उनके परिवार के सदस्य व राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गण्यमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News