जेपी नड्डा-अनुराग ठाकुर ने लिया पांवटा साहिब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा

punjabkesari.in Sunday, Aug 20, 2023 - 05:31 PM (IST)

विनोद को बंधाया ढांढस, कहा-पहले कभी नहीं देखी ऐसी त्रासदी
पांवटा साहिब (संजय): भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर रविवार को उपमंडल पांवटा साहिब में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया व बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात भी की। जेपी नड्डा के साथ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर हैलीकॉप्टर के माध्यम से सतौन स्कूल मैदान में पहुंचे, जहां से गाड़ी में सिरमौरी ताल गए और यहां बादल फटने से हुई तबाही का जायजा लिया। राजबन स्थित राहत शिविर में नड्डा सिरमौरी ताल त्रासदी के प्रभावित विनोद से मिले और उसे ढांढस बंधाया। नड्डा ने विनोद के कंधे पर हाथ रखकर कहा कि यह बहुत बड़ी त्रासदी है, जो बहुत दुखदाई भी है, ऐसी त्रासदी पहले कभी नहीं देखी, इसको शब्दों में बयां नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि हम आपके साथ हैं और केंद्रीय सरकार और पार्टी आपकी हरसंभव सहायता करेगी। इस दौरान विनोद गुमसुम बैठा रहा। मुंह से एक भी शब्द नहीं निकला। दरअसल सिरमौरी ताल में बादल फटने से पूरी तरह तबाही मच गई थी। इस त्रासदी में विनोद कुमार के माता-पिता व पत्नी सहित दोनों बच्चे मलबे में जिंदा दफन हो गए थे। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन, सांसद सुरेश कश्यप, विधायक सुखराम चौधरी, विधायक रीना कश्यप, जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता, रजनीश चौहान, एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा, एसडीएम राजेश वर्मा, डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर व तहसीलदार ऋषभ शर्मा आदि मौजूद रहे।
PunjabKesari

तबाही का मंजर देख स्कूल नहीं जा रहे बच्चे
राजबन स्थित राहत शिविर में पहुंचे नड्डा और अनुराग ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। 93 वर्षीय कांशीराम ने नड्डा के सामने हाथ जोड़कर कहा कि साहब गांव में तबाही का मंजर देखकर बच्चे डर के मारे स्कूल भी नहीं जा पा रहे हैं। 93 वर्ष की उम्र में ऐसा मंजर कभी नहीं देखा। बादल फटने के बाद हम सब घबरा गए। समझ नहीं आ रहा था कि कहां जाएं। घर में छोटे-छोटे बच्चे थे। कांशीराम राम ने कहा कि हम यहां पर कब तक रहेंगे। इस पर नड्डा ने पांवटा साहिब के एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा व तहसीलदार ऋषभ शर्मा को बुलाया और पूरी रिपोर्ट ली। नड्डा ने कहा कि हम इस विषय में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह से बात करेंगे। केंद्र सरकार से भी पूरी मदद दिलाएंगे।
PunjabKesari

नैशनल हाईवे 707 का भी लिया जायजा
जेपी नड्डा सहित भाजपा नेताओं ने पांवटा साहिब-शिलाई नैशनल हाईवे-707 पर कच्ची ढांग का भी जायजा लिया। कच्ची ढांग के पास 2019 से हाईवे लगातार धंस रहा है। इस कारण गिरिपार क्षेत्र की करीब 70 पंचायतों के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान सतौन ट्रक यूनियन व पंचायत का प्रतिनिधिमंडल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिला और ज्ञापन सौंपकर गिरि नदी पर कच्ची ढांग से सतौन के लिए पुल बनाने की मांग की। नड्डा ने एनएचएआई के प्रोजैक्ट डायरैक्टर विवेक पांचाल से रिपोर्ट ली। अधिकारियों ने नड्डा को बताया कि कच्ची ढांग से सतौन के लिए प्रपोजल रिपोर्ट बनाकर केंद्र सरकार को भेजी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लोगों को आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। जल्द ही पुल की प्रपोजल रिपोर्ट को केंद्र सरकार से पास करवाया जाएगा।
PunjabKesari

कार्यकर्ता को नारे लगाने से रोका, कहा-यह समय खुशी का नहीं
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सुबह सतौन स्कूल के खेल मैदान में हैलीकॉप्टर के माध्यम से पहुंचे। जैसे ही वे हैलीकॉप्टर से उतरे तो इस दौरान कार्यकर्ता नड्डा जी का स्वागत है, के नारे लगाने लग गए। इस पर तुरंत नड्डा ने हाथ से नारे न लगाने का इशारा किया। इसके बाद सभी कार्यकर्ता चुप खड़े रहे। नड्डा ने कहा कि प्रदेश में इतनी बड़ी आपदा आई है। ये समय नारेबाजी करने का नहीं है। यह समय खुशी का नहीं है। हम बाढ़ प्रभावित परिवारों से मिलने आए हैं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News