Chamba: डल्हौज़ी में घर का ताला तोड़कर लाखों के गहने व नकदी चुराई

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 09:54 PM (IST)

डल्हौजी (शमशेर): पुलिस थाना डलहौजी के तहत सदर बाजार क्षेत्र में चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साहिल कुमार पुत्र फिलिप कुमार निवासी वार्ड नंबर-4, सदर बाजार डलहौजी ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि बुधवार रात अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर का ताला तोड़कर कमरे में रखे दीवान बैड और अलमारी से सोने के आभूषण व नकदी चोरी कर ली। चोरी हुए सामान में उनकी पत्नी का करीब ढाई तोले का सोने का सेट, जिसमें हार और कानों के टॉप्स शामिल हैं, दो सोने की अंगूठियां, उनकी माता के कानों के टॉप्स तथा करीब 50 000 रुपए नकद शामिल बताए गए हैं।

मामले की जांच उप निरीक्षक रविन्द्र कुमार द्वारा की जा रही है। पुलिस ने मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई। इसके अतिरिक्त मौके से डंप डाटा लेकर साइबर सेल, एसपी कार्यालय चम्बा से भी तकनीकी सहायता मांगी गई है। पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले में आगे की जांच जारी है। एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले में छानबीन चल रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News