Chamba: चिट्टे के साथ कांगड़ा के 2 युवक गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 05:47 PM (IST)

तुनुहट्टी (संजय): चम्बा जिले के प्रवेश द्वार तुनुहट्टी में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार में से 4.73 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। कार सवार 2 युवकों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ थाना चुवाड़ी में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

शुक्रवार देर शाम पुलिस चैक पोस्ट तुनुहट्टी में एएसआई विवेक कुमार के नेतृत्व में पुलिस दल द्वारा नियमित रूप से वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान करीब साढ़े 7 बजे पंजाब से बनीखेत की तरफ आ रही कार को जांच के लिए रोका गया। जांच के दौरान कार में सवार दोनों युवक घबरा गए। पुलिस ने शक के आधार पर वाहन और युवकों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 4.73 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।

पुलिस पूछताछ में युवकों की पहचान दीपक कुमार (31) और करण कुमार (30) निवासी इंदौरा जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ और वाहन को कब्जे में लेकर दोनों को हिरासत में ले लिया। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News