Chamba: कंपनी के प्रोजैक्ट में काम करते समय नीचे गिरा भरमौर का मनीश, मौत
punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2026 - 02:11 PM (IST)
भरमौर/जम्मू (निश्चय): भरमौर क्षेत्र से जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में रोजी रोटी कमाने आए एक युवक की मौत के मामले में मृतक के परिजनों ने कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाए हैं। मृतक की पहचान मनीश कुमार (24) निवासी भरमौर (जिला चम्बा)के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में शिफ्ट कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मनीश के परिजनों ने बताया कि मनीश कुमार अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था। वह किश्तवाड़ में डैम साइट के प्रोजैक्ट पर गत एक वर्ष से काम कर रहा था। फोन पर वह अकसर बताता था कि वह कंपनी में अच्छी पोजीशन पर पहुंच गया है।
उन्होंने बताया कि गत दिवस 11 बजे के करीब ड्यूटी के दौरान वह 40 फुट ऊंचाई से गिर गया था जिसे स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जम्मू के राजकीय मैडीकल कालेज अस्पताल में रैफर किया गया परन्तु रास्ते में 4 बजे के करीब उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि इतनी बड़ी दुर्घटना हो जाने के बाद भी कंपनी द्वारा उन्हें सूचित नहीं किया गया। आरोप है कि इस घटना के बारे में पुलिस को सूचित नहीं किया गया। किसी तरह का हंगामा न हो, इसके चलते उन्हें जल्द से शव को ले जाने का दबाव बनाया जा रहा है।
आरोप : सेफ्टी उपकरण के बिना करवाया जाता है काम
हादसे के समय मौके पर मौजूद मनीश के एक साथी ने बताया कि मनीश की मार्निंग ड्यूटी थी। इस दौरान वह 40 फुट ऊंचाई पर वैल्डिंग का काम कर रहा था। बिना सेफ्टी उपकरण/बैल्ट के कारण उसे ऊंचाई पर चढ़ा दिया गया। इस दौरान वैल्डिंग के प्वाइंट के टूट जाने के कारण वह ऊंचाई से नीचे आ गिरा। मौके पर मौजूद अन्य कर्मियों के सहयोग से उसे स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। कर्मचारियों का आरोप था कि अगर वह अपनी सुरक्षा के लिए सेफ्टी उपकरण लेते हैं तो उनके पैसे काट लिए जाते हैं।
जांच करेंगे और कंपनी देगी मुआवजा : अधिकारी
जीएमसी के शवगृह के बाहर पहुंचे कंपनी के अधिकारी श्रृषि कुमार के अनुसार इस मामले की कंपनी अपने स्तर पर भी जांच करेगी। उन्होंने कहा कि कंपनी सभी सेफ्टी मापदंडों को ध्यान में रखते हुए अपने कर्मचारियों को सेफ्टी उपकरण उपलब्ध करवाती है। इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी ठेकेदार के माध्यम से आते हैं, इसकी भी जांच की जाएगी कि कहीं ठेकेदार द्वारा इस मामले में कोताही तो नहीं बरती गई है। उन्होंने कहा कि मुनीश की मौत का उन्हें काफी दुख है और आश्वासन दिया कि मनीश के परिजनों को कंपनी की तरफ से पूरा मुआवजा दिया जाएगा।

