Chamba: चुराह के विधायक डा. हंसराज से जुड़े पोक्सो मामले में अदालत में हुई सुनवाई
punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 08:26 PM (IST)
चम्बा (काकू): चुराह के विधायक डा. हंसराज से जुड़े पोक्सो मामले में वीरवार को जिला एवं सत्र न्यायालय चम्बा में सुनवाई हुई, लेकिन पीड़िता की तबीयत खराब होने के कारण उसके बयान दर्ज नहीं हो सके। अदालत में दोनों पक्षों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। विधायक हंसराज स्वयं अदालत पेश हुए, वहीं पीड़िता भी अदालत में उपस्थित रही।
हालांकि पीड़िता ने स्वास्थ्य ठीक न होने का हवाला देते हुए बयान दर्ज करवाने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की। अदालत ने पीड़िता के अनुरोध पर मामले की अगली सुनवाई 20 मई निर्धारित कर दी है। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अगली तिथि पर पीड़िता अदालत में उपस्थित होकर अपने बयान दर्ज करवाए। अब इस मामले की अगली कार्यवाही 20 मई को होगी, जहां अभियोजन पक्ष की ओर से गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा सकते हैं और बचाव पक्ष द्वारा जिरह की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
बता दें कि चुराह क्षेत्र की एक युवती ने विधायक पर नाबालिग अवस्था में बहला-फुसलाकर यौन शोषण का आरोप लगाया था। इसके बाद महिला थाना चम्बा में पोक्सो अधिनियम सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। विधायक ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिस पर अदालत ने उन्हें पहले अंतरिम राहत दी और बाद में नियमित जमानत प्रदान कर दी। इसके बाद पुलिस ने जांच पूरी कर निर्धारित समय के भीतर न्यायालय में चालान पेश किया।
5 मार्च को अदालत ने इस मामले में विधायक के खिलाफ आरोप तय किए थे, जिसके बाद से नियमित सुनवाई की प्रक्रिया जारी है। पीड़िता के बयान इस मामले में अहम भूमिका निभाएंगे। इन्हीं के आधार पर आगे की कार्यवाही और गवाहों की जिरह का स्वरूप तय होगा। वहीं बचाव पक्ष भी इस मामले में अपनी रणनीति के तहत जिरह के लिए तैयार है।

