शिमला में बड़ा हादसा, सड़क से मलबा हटाते समय 300 मीटर गहरी खाई में गिरी JCB; 34 वर्षीय चालक की मौत

punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 12:02 PM (IST)

Shimla Road Accident : हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में सोमवार शाम को एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां पर सड़क बहाली के दौरान जेसीबी मशीन अनियंत्रित होकर 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में चालक की मौत हो गई।

मलबा हटाने का काम कर रही थी जेसीबी

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा जिले के कुमारसैन उपमंडल में सोमवार शाम करीब 7:30 बजे हुआ। मृतक चालक की पहचान विजय कुमार (34), पुत्र बलबीर सिंह निवासी, गांव बियूह मनोटला ( तहसील बलद्वाड़ा, जिला मंडी) के रूप मे हुई है। बताया जा रहा है कि चामगना सड़क पर सोडलू नाला के पास एक जेसीबी मशीन सड़क से मलबा हटाने का काम कर रही थी, तभी जेसीबी मशीन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से सीधे नीचे करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में मशीन चालक विजय कुमार के सिर पर बेहद गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना की आवाज सुनते ही स्थानीय ग्रामीण और प्रशासनिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को खाई से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारसैन पहुंचाया गया, लेकिन यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

वहीं, पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि इस दुर्घटना के संबंध में कुमारसैन पुलिस थाने में कांगल निवासी कुशवंत के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शुरुआती तौर पर पुलिस को आशंका है कि यह हादसा जेसीबी को लापरवाही या असावधानी से चलाने के कारण हुआ हो सकता है। हालांकि, पुलिस अन्य सभी संभावित पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News