Himachal News: पुल के ऊपर से गुजर रहा था टिप्पर, फिर अचानक हो गया ये बड़ा हादसा

punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 01:28 PM (IST)

रिकांगपिओ/किन्नौर: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। टापरी और चोलिंग के बीच उरनी ढांक के समीप राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 पर सतलुज नदी के ऊपर बना एक मजबूत लोहे का पुल अचानक भरभरा कर गिर गया। हादसा इतना भयानक था कि पुल टूटने के वक्त वहां से गुजर रहा एक टिप्पर भी पुल के साथ ही सीधे सतलुज नदी में जा समाया।

इस खौफनाक हादसे में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि टिप्पर चालक सुरक्षित बच गया है और उसे कोई गंभीर चोटें नहीं आई हैं। हालांकि एहतियात के तौर पर चालक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वहीं  घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अचानक यह पुल किस वजह से टूटा।

पुल के टूटने से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप्प हो गई है। सड़क के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम न लगे, इसके लिए प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए ट्रैफिक रूट में बदलाव किया है। अब सभी प्रकार के वाहनों को वाया उरनी-चोलिंग सड़क मार्ग से भेजा जा रहा है। पुल के टूटने से क्षेत्र का संपर्क बुरी तरह प्रभावित हुआ है और इसे दोबारा बहाल करने में प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ सकती है। इस बीच, प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें, किसी भी तरह की जल्दबाजी न करें और यात्रा के लिए निर्धारित किए गए वैकल्पिक मार्ग का ही प्रयोग करें।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News