किनौर में सड़क हादसा: जीप के खाई में गिरने से सांगला के युवक की मौत, उत्तराखंड का युवक घायल
punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 07:05 PM (IST)
रिकांगपिओ (रिपन): हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। जिले के सांगला-छितकुल मार्ग पर गंगरंग नाला के समीप एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक पिकअप जीप के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को एक पिकअप जीप (HP 25A-8880 है) सांगला-छितकुल मार्ग से गुजर रही थी। गंगरंग नाला के पास अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते गाड़ी सड़क से नीचे करीब 30 से 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त गाड़ी में दो लोग सवार थे। इस हादसे में 35 वर्षीय संजोत पुत्र कपूर सिंह निवासी सांगला की मौके पर ही जान चली गई। वहीं, उसके साथ बैठा 21 वर्षीय कपिल नेगी पुत्र रणधीर नेगी निवासी गांव नुरानू तहसील मोरी, जिला उत्तरकाशी (उत्तराखंड) बुरी तरह से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद मृतक संजोत के शव को खाई से बाहर निकाला गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल कपिल नेगी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांगला ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रामपुर अस्पताल रैफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया है और आगामी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। हादसा किन कारणों से हुआ, इसे लेकर पुलिस की टीम ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की गहनता से जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

