शिमला में बड़ा हादसा, नदी में नहाते समय 26 वर्षीय युवक की डूबने से मौत; परिवार में पसरा मातम

punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2026 - 12:25 PM (IST)

Shimla News : हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां पर शालवी नदी में नहाने के दौरान एक 26 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। वहीं, इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नहाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के नेरवा स्थित शालवी नदी में हुआ। मृतक की पहचान बबलू (26 वर्षीय), पुत्र सुभाष चंद, गांव झड़ेच, पुजारली तहसील (जिला शिमला) के रूप में हुई है।  बबलू अपने कुछ साथियों के साथ नेरवा क्षेत्र में मजदूरी का काम करता था। बताया जा रहा है कि रविवार को बबलू नहाने के लिए अपने दोस्तों के साथ शालवी नदी में आया था। नहाने के दौरान बबलू अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। पास ही मैदान में मौजूद दो स्थानीय युवकों की नजर जैसे ही डूबते हुए बबलू पर पड़ी, वे बिना एक पल गंवाए नदी की तरफ दौड़े। दोनों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए नदी में छलांग लगा दी। इसके बाद बबलू को गहरे पानी से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए नेरवा अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गांव में पसरा मातम

इधर, हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है और उनके नेरवा पहुंचने के बाद शव का विधिवत पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इस बीच, स्थानीय प्रशासन की ओर से कार्यालय कानूनगो नेरवा के अधिकारी अश्वनी कुमार ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार तत्काल अंतरिम आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं, इस दुखद घटना के बाद से क्षेत्र और मृतक के गांव में मातम पसरा हुआ है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News