Kangra News: चंडीगढ़ के श्रद्धालु पर बरसी मां ज्वाला की कृपा, मन्नत पूरी होने पर अर्पित किया 1 किलो चांदी का छत्र

punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 05:34 PM (IST)

ज्वालामुखी (पंकज): विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में इन दिनों आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। इसी बीच माता के दरबार में श्रद्धा और कृतज्ञता का एक अद्भुत नजारा देखने को मिला। चंडीगढ़ से आए एक श्रद्धालु ने अपनी मन्नत पूरी होने पर मां ज्वाला के चरणों में एक किलो चांदी का भव्य छत्र भेंट कर अपनी आस्था प्रकट की।

मंदिर के पुजारी सौरभ शर्मा ने पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। इसके बाद, भाव-विभोर श्रद्धालु ने माता के जयकारों की गूंज के बीच यह पावन चांदी का छत्र मां को समर्पित किया। श्रद्धालु ने बताया कि मां ज्वाला की असीम कृपा से उनकी मनोकामना पूरी हुई है। वे हर साल अपने परिवार के साथ माता के दर्शनों के लिए आते हैं और प्रार्थना करते हैं कि मां का यह आशीर्वाद उन पर सदैव बना रहे।

माता के दरबार में चढ़ाया गया यह आकर्षक चांदी का छत्र वहां मौजूद अन्य श्रद्धालुओं के लिए भी उत्सुकता का केंद्र बन गया। दर्शन करने आए भक्तों ने इसे श्रद्धा और अटूट विश्वास का प्रतीक बताया। पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद मंदिर प्रशासन ने नियमानुसार इस कीमती छत्र को अपने संरक्षण में ले लिया है।

आपको बता दें कि इन दिनों ग्रीष्मकालीन यात्रा और छुट्टियों के चलते शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। देश के कोने-कोने से पहुंच रहे भक्त अपनी मन्नतें लेकर आ रहे हैं और अपनी आस्था के अनुरूप माता के दरबार में भेंट अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News