जयराम ठाकुर ने ‘सूटकेस'' के आरोपों को लेकर सुक्खू सरकार पर साधा निशाना, बोले- जनता के सामने सच बयां करें
punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 02:34 PM (IST)
Himachal Politics : हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सूटकेस के आरोपों पर जनता के सामने सच बयां करने की मांग की है।
जयराम ठाकुर ने बुधवार को धर्मशाला में‘दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान'के दौरान संवाददाताओं से बात करते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को अपनी ही पार्टी के एक नेता के उन दावों का जवाब देना चाहिए, जिनमें कांगड़ा के एक कांग्रेस नेता पर सूटकेस जमा करने और उन्हें दिल्ली ले जाने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने इस आरोप को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के किसी नेता द्वारा नहीं बल्कि कांग्रेस के ही एक वरिष्ठ पदाधिकारी द्वारा लगाये जाने की बात करते हुए मुख्यमंत्री से जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करने का आग्रह किया।
भ्रष्टाचार और माफिया को संरक्षण दे रही सरकार
विपक्ष के नेता ने कांग्रेस सरकार पर पिछली भाजपा सरकार के समय शुरू किये गये विकास कार्यों को, खासकर कांगड़ा जिले में रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिलासपुर में अभी हाल ही में हुई एक युवक की हत्या और राज्य में हिंसक अपराधों की बढ़ती घटनाएं कानून-व्यवस्था के पूरी तरह चरमरा जाने के द्योतक हैं। उन्होंने राज्य में हत्या और अन्य गंभीर अपराधों के बढ़ने का दावा करते हुए कहा कि सरकार अपराधियों के खिलाफ कारर्वाई करने की बजाय अपने कामकाज की आलोचना करने वाले मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को निशाना बना रही है। उन्होंने पुलिस का इस्तेमाल कानून-व्यवस्था बनाये रखने की बजाय विपक्षी नेताओं के खिलाफ किये जाने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार पर जनहित के बदले भ्रष्टाचार और माफिया को संरक्षण दे रही है।

