''ये पैसों की नहीं, करोड़ों लोगों की आस्था की चोरी है'', राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर CM सुक्खू ने BJP पर साधा निशाना
punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 02:58 PM (IST)
शिमला (योगराज): अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे और चंदे को लेकर कथित गड़बड़ी के मामले में हिमाचल प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर तीखा जुबानी हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राम के नाम पर चंदे में हुई गड़बड़ी केवल पैसों की चोरी नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों की आस्था की चोरी है। मंगलवार को मुख्यमंत्री सुक्खू अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ शिमला स्थित राम मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान श्रीराम के दर्शन कर माथा टेका और मंदिर परिसर में आयोजित कीर्तन में भी हिस्सा लिया। इस मौके पर उनके साथ कैबिनेट मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजेश धर्माणी, अनिरुद्ध सिंह, विक्रमादित्य सिंह, हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और शिमला शहरी के विधायक हरीश जनारथा भी मौजूद रहे।
चंदा चोरी करने वालों को भगवान दें सद्बुद्धि
मंदिर परिसर से ही भाजपा पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभर के श्रद्धालुओं ने अपनी अटूट आस्था के साथ धन, गहने और चढ़ावा भगवान राम के चरणों में अर्पित किया था। ऐसे में यदि चढ़ावे में किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है, तो यह सीधे तौर पर आस्था से खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल ने भगवान राम से प्रार्थना की है कि राम के नाम पर राजनीति करने वाले और चंदे में गड़बड़ी करने वाले लोगों को भगवान सद्बुद्धि प्रदान करें। कथित गड़बड़ी की एसआईटी जांच के सवाल पर सीएम ने कहा कि कानून अपना काम करता है, लेकिन सबसे अहम बात व्यक्ति की नीयत और भावना होती है।
हम सच्चे अनुयायी, प्राण प्रतिष्ठा पर दी थी पूरे दिन की छुट्टी
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार और पार्टी को भगवान राम का सच्चा अनुयायी बताते हुए कहा कि जब राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा एकत्र किया जा रहा था, तब उन्होंने बतौर विधायक अपनी श्रद्धा के अनुसार योगदान दिया था। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर केंद्र सरकार ने देशभर में आधे दिन का अवकाश दिया था, जबकि हिमाचल प्रदेश सरकार ने पूरे दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि राम मंदिर की प्रक्रिया में उनका भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। हिंदू संस्कृति सभी धर्मों के सम्मान की शिक्षा देती है और जो सच्चे अनुयायी हैं, वे भगवान राम के नाम पर कभी राजनीति नहीं करते।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बिंदल के आरोपों पर किया पलटवार
हिमाचल भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि वह भी भगवान राम की उतनी ही श्रद्धा से पूजा करते हैं और उनके बताए सत्य, ईमानदारी और सेवा के मार्ग पर चल रहे हैं। उन्होंने भाजपा को नसीहत देते हुए कहा कि दूसरों पर सवाल उठाने से पहले उन्हें आत्ममंथन करना चाहिए और अपनी नीयत पर विचार करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार रामराज्य की भावना के अनुरूप काम कर रही है और ऐसी जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही है, जिनका लाभ सीधे समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

