"भाजपा ने श्रीराम के नाम पर बटोरे वोट और नोट", AICC मैंबर पवन बंसल ने शिमला में साधा निशाना

punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 05:54 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। शिमला स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में पत्रकार वार्ता करते हुए पवन बंसल ने आरोप लगाया कि भाजपा ने भगवान श्रीराम के नाम का इस्तेमाल केवल वोट और नोट बटोरने के लिए किया है। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावे में हुई कथित चोरी के मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच की मांग की है। इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान सहित कई अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी मौजूद रहे।

चंदा चोरी के खिलाफ 14 जुलाई से कांग्रेस खोलेगी मोर्चा
पवन बंसल ने ऐलान किया कि राम मंदिर चंदा चोरी के मामले को लेकर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। जनता को इस कथित घोटाले से अवगत करवाने के लिए कांग्रेस 14 जुलाई से जिला स्तर पर एक बड़ा जन-जागरण अभियान शुरू करने जा रही है। इसके बाद इस अभियान को ब्लॉक स्तर तक भी ले जाया जाएगा ताकि भाजपा की असलियत को बेनकाब किया जा सके।

पीएम मोदी की चुप्पी पर उठाए सवाल
पवन बंसल ने भाजपा के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका को भी कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन सीधे प्रधानमंत्री की देखरेख में हुआ था और इसमें गृह मंत्रालय की स्थायी सीटें हैं, ऐसे में केंद्र सरकार अपनी जवाबदेही से नहीं भाग सकती। उन्होंने पूछा कि इतने गंभीर मामले सामने आने के बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुप क्यों हैं? इसके साथ ही उन्होंने पूछा कि चंपत राय और अनिल मिश्रा ने अपने पदों से इस्तीफे क्यों दिए और चंपत राय अभी अपनी बात रखने की बजाय बाद में बोलने का बहाना क्यों बना रहे हैं?

बड़ी मछलियों को बचाया जा रहा, आयोजनों पर खर्च हुए करोड़ों
पवन बंसल ने आरोप लगाया कि चंदा और चढ़ावा मामले में बड़ी मछलियों को जानबूझकर बचाया जा रहा है और जांच के लिए गठित एसआईटी का दायरा अब ट्रस्ट के भव्य आयोजनों तक पहुंच गया है। उन्होंने चौंकाने वाले आंकड़े पेश करते हुए बताया कि अकेले 22 जनवरी, 2024 को हुए प्राण प्रतिष्ठा समारोह में 8,000 अतिथियों पर 113 करोड़ रुपए खर्च कर दिए गए। वहीं, 25 नवम्बर, 2025 के ध्वजारोहण कार्यक्रम पर करीब 10.12 करोड़ रुपए का खर्च किया गया है, जो प्रति अतिथि लगभग 16,000 रुपए बैठता है।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग करने की उठाई मांग 
पवन बंसल ने कहा कि मामले को दबाने और लीपापोती करने के लिए आरएसएस के पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी कृष्ण मोहन को ट्रस्ट का नया महासचिव बना दिया गया है। उन्होंने मांग की कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाना चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के काफिले के आगे श्रीराम भक्त हनुमान के रूप में एक कलाकार से प्रदर्शन करवाने की घटना को भी आस्था के विरुद्ध और निंदनीय बताया।

अब बद्रीनाथ से भी आ रही घोटालों की बू
पवन बंसल ने आरोप लगाया कि भाजपा के राज में केवल अयोध्या ही नहीं, बल्कि अब उत्तराखंड के बद्रीनाथ मंदिर और अन्य धार्मिक स्थानों से भी दान घोटालों के आरोप सामने आने लगे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि प्रधानमंत्री को देश की जनता और राम भक्तों को चंदा व चढ़ावा मामले पर तुरंत जवाब देना चाहिए।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News