फ्रंटफुट पर आए जयराम, विवादित मंत्रियों को लताड़ा

punjabkesari.in Thursday, Oct 25, 2018 - 11:31 AM (IST)

शिमला (संकुश): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सरकार को लेकर उपजे हालिया विवादों के बाद चुप्पी तोड़ते हुए सख्ती दिखाई है। सूत्रों के मुताबिक दो रोज पहले मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कुछ मंत्रियों की अलग से बैठक ली। इसमें उन्हीं मंत्रियों को बुलाया गया था जो आजकल अलग-अलग वजहों से या तो विवादों में घिरे हैं या फिर विवाद पैदा कर रहे हैं। इनमें से दो मंत्री पूर्व में भी बीजेपी सरकार में मंत्री रह चुके हैं जबकि दो अन्य पहली मर्तबा मंत्री बने हैं। इन सभी मंत्रियों के बयानों और कार्यप्रणाली को लेकर हाल ही में विवाद खड़े हुए हैं। इन विवादों से सरकार को काफी फजीहत झेलनी पड़ी है। 

ऐसे में अब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने फ्रंट फुट पर आकर बैटिंग का फैसला लिया है। पता चला है कि मुख्यमंत्री ने दो मंत्रियों को तो यहां तक कह डाला कि अगर उन्होंने अपने रुख में बदलाव नहीं कियाने तो वे भी बदलाव के लिए तैयार रहें। यानी या तो उन्हें हटाया जा सकता है या फिर उनके विभाग बदले जा सकते हैं। जबकि एक अन्य मंत्री को अपने गृह जिला में एक गुट और वर्ग विशेष के कार्यकर्ताओं के साथ भेदभाव को लेकर खूब लताड़ लगाई गई। दिलचस्प ढंग से जिन चार मंत्रियों की क्लास लगी उनमे से तीन उम्र में मुख्यमंत्री से बड़े हैं और एक समकालीन हैं।  

मुख्यमंत्री ने जब उन्हें लताड़ा तो यह भी कहा कि मैं अब तक आपकी उम्र का लिहाज कर रहा था, लेकिन अब बहुत हो गया, किसी मुगालते में न रहें, मैं कोई फैसला लेने में दो दिन भी नहीं लगाऊंगा, बहुत हो गया। बताते हैं कि इस पर जब एक बड़बोले मंत्री ने सफाई देने चाही तो मुख्यमंत्री का गुस्सा सातवें आसमान पर जा पहुंचा और उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा धमाचौकड़ी आपने मचा रखी है। आप जाएं और खुद में सुधार करें। सीएम का यह रौद्र रूप देखकर सभी हतप्रभ थे। अब देखना यह है कि इस घुट्टी का क्या असर रहता है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Related News