उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ने दिल्ली में डाला डेरा, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से की मुलाकात

punjabkesari.in Wednesday, Jun 23, 2021 - 10:15 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं। उन्होंने अपने दौरे के दौरान केंद्रीय नेताओं से सत्ता एवं संगठन से जुड़े विषयों को लेकर चर्चा की है। इसी कड़ी के तहत उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की। उन्होंने नड्डा से विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं को लेकर विचार-विमर्श किया। सूत्रों के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उद्योग मंत्री से प्रदेश में 3 उपचुनावों की तैयारियों के विषय में बात भी की।

संगठन की तरफ से बनाया  है फतेहपुर विधानसभा उपचुनाव का प्रभारी

बिक्रम सिंह को खुद संगठन की तरफ से फतेहपुर विधानसभा उपचुनाव का प्रभारी बनाया गया है, जिसमें उनके साथ वन मंत्री राकेश पठानिया को सह प्रभारी और पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती को समन्वयक बनाया गया है। इसके अलावा मंडी संसदीय क्षेत्र उपचुनाव के लिए जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर को प्रभारी, शिक्षा मंत्री गाविंद सिंह ठाकुर को सह प्रभारी एवं राकेश जम्वाल को समन्वयक जबकि जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव के लिए शहरी विकास एवं आवास मंत्री सुरेश भारद्वाज को प्रभारी, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सहजल व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी को सह प्रभारी तथा पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को समन्वयक बनाया गया है।

राज्य को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का करेंगे प्रयास : नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह को आश्वस्त किया कि वह राज्य को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से प्रदेश को उदार वित्तीय मदद उपलब्ध करवाने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News