भगवा रंग में रंगा ऊना का इंदिरा मैदान, संदिग्ध अवस्था में मृत मिला तेंदुआ, पढ़ें खास खबरें
punjabkesari.in Sunday, Jan 27, 2019 - 05:22 PM (IST)

शिमला: ‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम के 52वें संस्करण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए संबोधन के कार्यक्रम का प्रसारण सोलन के नगर परिषद हाल में किया गया। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र भाजपा का पन्ना प्रमुख सम्मेलन 28 जनवरी को ऊना के इंदिरा मैदान में आयोजित हो रहा है जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और सीएम जयराम ठाकुर सहित सभी मंत्री, सांसद और विधायक शामिल हो रहे हैं। 26 जनवरी की रात देवभूमि में सबसे ठंडी रात रही। जहां तक की लोग कांपने को मजबूर हो गए। दिन-रात लोग आग जलाकर ठंड से छुटकारा पा रहे हैं। मनाली उपमंडल के बाहंग गांव में एक लकड़ी के शेड में अचानक आग लगने से 4 परिवार बेघर हो गए। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर हिमाचल में आज घटित 10 बड़ी खबरों से हम आपको अवगत कराते हैं-
भगवा रंग में रंगा ऊना का इंदिरा मैदान
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र भाजपा का पन्ना प्रमुख सम्मेलन 28 जनवरी को ऊना के इंदिरा मैदान में आयोजित हो रहा है जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और सीएम जयराम ठाकुर सहित सभी मंत्री, सांसद और विधायक शामिल हो रहे हैं। पन्ना प्रमुख सम्मेलन को लेकर इंदिरा मैदान भगवा रंग में रंग गया है और सभी प्रकार की तैयारियां मुकम्मल कर ली गई है। इस पन्ना प्रमुख सम्मेलन को सफल बनाने के लिए 17 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा ने 190 विस्तारकों को पन्ना प्रमुख तक पहुंच कर उसे निमंत्रण पत्र, आई कार्ड पहुंचाने का जिम्मा संभाला हुआ था।
हिमाचल के CID विभाग के इन 5 अधिकारियों को मिलेगा President Police Medal
पुलिस विभाग में सराहनीय सेवाओं के लिए हिमाचल से 5 पुलिस अधिकारियों का चयन राष्ट्रपति पुलिस मैडल के लिए किया गया है जिनमें अशोक तिवारी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राज्य गुप्तचर विभाग गुरदेव चंद शर्मा एस.पी. मंडी, एस.आई. संजय कुमार, एस.आई. जगपाल सिंह जसपाल प्रभारी सी.आई.डी. हमीरपुर व एस.आई. संजय कुमार गुलेरिया शामिल हैं। एस.आई. जगपाल सिंह जसवाल को उनके उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस मैडल से नवाजा जाएगा।
कुल्लू में शॉर्ट सर्किट ने राख के ढेर में बदला आशियाना
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक लकड़ी के मकान में अचानक आग लग गई। जिस कारण घर में रखा सारा समान राख हो गया है। यह आग सुबह आनी उपमंडल के कोठी पंचायत के शोधा गांव में लगी है। दरअसल घर में शॉट सर्किट के कारण रसोई में सिलेंडर की पाईप जलने से आग भड़की है। जिस कारण बाप व बेटा गंभीर रुप से घायल हो गए है। जिन्हें इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल आनी पहुंचाया।
यहां एक बार फिर संदिग्ध अवस्था में मृत मिला तेंदुआ
गगरेट विधानसभा क्षेत्र के गांव घनारी में एक बार फिर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत नर तेंदुआ मिलने से लोग दहशत में हैं। मृत तेंदुए की घटना महीने में दूसरी है। इससे पहले इसी महीने 2 जनवरी को मादा तेंदुआ घनारी खड्ड में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में मिला था। एक महीने में यह दूसरी घटना होने से जहां वन विभाग के लिए यह चिंता की बात है, वहीं क्षेत्र के रिहायशी इलाकों में तेंदुए की मौजूदगी स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय है।
PM Modi ने मन की बात में की जागरूक मतदाता व अंशुल शर्मा की सराहना
‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम के 52वें संस्करण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए संबोधन के कार्यक्रम का प्रसारण सोलन के नगर परिषद हाल में किया गया। इस कार्यक्रम में सांसद वीरेन्द्र कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ सोलन भाजपा मंडल व भाजयुमो के पदाधिकारी मौजूद रहे। ‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने हिमाचल के दुर्गम क्षेत्र लाहौल-स्पीति का जिक्र करते हुए हिमाचल के जागरूक मतदाता की तारीफ की। वहीं हिमाचल के विद्यार्थी एवं बेटे अंशुल शर्मा की भी सराहना की जो प्रदेशवासियों के लिए गर्व की बात है।
देवभूमि में 26 जनवरी की रात रही सबसे सर्द
26 जनवरी की रात देवभूमि में सबसे ठंडी रात रही। जहां तक की लोग कांपने को मजबूर हो गए। दिन-रात लोग आग जलाकर ठंड से छुटकारा पा रहे हैं। वहीं प्रदेशवासियों को फिलहाल अगले दो-तीन कड़ाके की ठंड से निजात नहीं मिलने वाली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया है कि पिछले दिनों हुई बर्फबारी के बाद प्रदेश केे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है जिस वजह से लोगों को भारी ठंड का प्रकोप झेलना पड़ रहा है।
युवती की अश्लील फोटो खींच ब्लैकमेल कर किया कई बार रेप
पांवटा साहिब में एक युवती की अश्लील फोटो खींच युवक द्वारा ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। ब्लैकमेलिंग का यह सिलसिला लंबे समय तक चलता रहा। फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने का डर दिखा आरोपी ने युवती का फायदा उठाया और उससे कई बार रेप किया। लेकिन युवती डर के मारे किसी से इस बात का खुलासा नहीं कर पाई। जब बात हद से परे हुई तो युवती ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी।
मनाली में लकड़ी के शेड में लगी भीषण आग
मनाली उपमंडल के बाहंग गांव में एक लकड़ी के शेड में अचानक आग लगने से 4 परिवार बेघर हो गए। जानकारी के अनुसार गांव में आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। वहीं स्थानीय लोगों ने भी कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। इस आगजनी की घटना में लाखों रुपए के नुक्सान का आंकलन हुआ है।
गहरी खाई में गिरी बेकाबू कार
शिमला जिले के खंड मतियाना में एक कार बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक की मौत हो गई है जबिक चार गंभीर रुप से घायल है। जिन्हें इलाज के लिए शिमला रेफर कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक पंचायत भराना के कराना गांव में मारुति कार नंबर एचपी 63- 3555 शनिवार शाम को अनियंत्रित होकर 80 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
मोदी की मन की बात का नहीं हुआ असर
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को लेकर सोलन के नगर परिषद हाल में भाजपा ने कार्यक्रम आयोजित किया था। इस कार्यक्रम को एल.ई.डी. के माध्यम से कार्यकर्ताओं को दिखाना और सुनाना था। सांसद वीरेंद्र कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में सोलन के वार्डों के कार्यकर्ताओं, भाजयुमो के कार्यकर्ताओं, महिला मोर्चा के पदाधिकारियों और करीब 3,000 पन्ना प्रमुखों को आमंत्रित किया गया था।