Himachal: जब जंगल से गुजर रहे युवकों के सामने आ गए 2 विशालकाय अजगर, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ Video

punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 03:03 PM (IST)

चिंतपूर्णी (राकेश): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के धलवाड़ी गांव के समीप अमलैहड़ जंगल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां से गुजर रहे स्थानीय युवकों का सामना 2 अजगरों से हो गया। इन विशालकाय जीवों को देखकर राहगीरों की सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई। मौके पर मौजूद युवकों द्वारा बनाया गया इन अजगरों का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।

हैलीपैड के पास झाड़ियों में रेंगते दिखे अजगर
जानकारी के अनुसार यह खौफनाक नजारा अमलैहड़ जंगल में स्थित एक हैलीपैड के पास देखने को मिला। युवक जब इस इलाके से गुजर रहे थे, तो उन्होंने झाड़ियों में हलचल देखी। गौर करने पर पता चला कि वहां 2 भारी-भरकम अजगर रेंग रहे हैं। वायरल वीडियो में अजगर की लंबाई और मोटाई इतनी ज्यादा है कि इसे देखकर हर कोई दंग रह गया है।

दम घोंटकर शिकार निगल जाते हैं इंडियन रॉक पाइथन
वीडियो में दिखाई दे रहे इन जीवों की पहचान विशेषज्ञों द्वारा वयस्क इंडियन रॉक पाइथन (भारतीय अजगर) के रूप में की गई है। इनकी लंबाई करीब 10 से 15 फुट के बीच आंकी जा रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यद्यपि यह प्रजाति पूरी तरह से विषहीन (बिना जहर वाली) होती है और इसके काटने से जहर नहीं फैलता, लेकिन इसका शिकार करने का तरीका बेहद खौफनाक होता है। यह अपने शिकार को शरीर से कसकर जकड़ लेता है और दम घुटने से मौत होने के बाद उसे पूरा निगल जाता है। यह एक अत्यंत शक्तिशाली और भारी प्रजाति है। आमतौर पर यह सुस्त रहती है, लेकिन अगर इसे छेड़ा जाए तो यह बेहद आक्रामक हो सकती है।

गर्मियों में बाहर निकलते हैं वन्यजीव : वन विभाग
जानकारों का कहना है कि गर्मियों की शुरुआत के साथ ही ऐसे वन्यजीव अक्सर धूप सेंकने या ठंडे स्थानों की तलाश में अपने बिलों से बाहर आ जाते हैं और कई बार रिहायशी इलाकों के करीब भी पहुंच जाते हैं। इस घटना के संबंध में वन विभाग के भरवाईं रेंज ऑफिसर पूरन राम ने बताया कि इस प्रकार के वन्य जीव अमूमन घने जंगलों में ही पाए जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इस तरह के जंगली जीव रिहायशी इलाकों में प्रवेश कर जाते हैं तो वन विभाग की टीम द्वारा उन्हें रैस्क्यू कर सुरक्षित वापस जंगल में छोड़ दिया जाता है।

पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए एडवाइजरी जारी
इस घटना के सामने आने के बाद वन विभाग ने स्थानीय निवासियों और इलाके में आने वाले पर्यटकों के लिए अलर्ट जारी किया है। उन्हें जंगल के रास्तों से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे वन्य जीवों को किसी भी तरह का नुकसान न पहुंचाएं। यदि उन्हें कहीं भी ऐसा जंगली जीव दिखाई देता है, तो वे घबराने या उसे छेड़ने की बजाय तुरंत संबंधित वन अधिकारियों को सूचित करें, ताकि इंसान और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News