Himachal: लाला जगत नारायण जी की पुण्यतिथि पर 12 स्थानों में लगे रक्तदान शिविर, 838 लोगों ने किया महादान

punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 07:37 PM (IST)

हिमाचल डैस्क: अमर शहीद एवं पंजाब केसरी समाचार पत्र समूह के संस्थापक लाला जगत नारायण जी की 45वीं पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को पूरे हिमाचल प्रदेश में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। प्रदेश के 12 अलग-अलग स्थानों पर लगाए गए इन शिविरों में युवाओं और आम जनमानस ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रदेशभर में कुल 838 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा की और लाला जी को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की।

बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना में  दिखा भारी उत्साह
रक्तदान को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला। बिलासपुर कॉलेज में आयोजित शिविर में सर्वाधिक 151 लोगों ने रक्तदान किया। वहीं, हमीरपुर जिले के गांधी चौक व नादौन में आयोजित शिविरों में कुल 147 रक्तदाताओं ने महादान किया। ऊना जिले के हरोली स्थित कॉमन फैसिलिटी सैंटर बाथू में 108 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। ऊना शिविर की खासियत यह रही कि यहां 20 लोगों को रिजर्व डोनर के रूप में रखा गया और दुर्लभ (Rare) ब्लड ग्रुप वाले रक्तदाताओं का विवरण सुरक्षित किया गया, ताकि भविष्य में आपात स्थिति में मरीजों की मदद की जा सके।

कांगड़ा और शिमला में रक्तदाताओं का उमड़ा हुजूम
कांगड़ा जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर शिविर आयोजित हुए। पालमपुर के गोस्वामी गणेश दत्त सनातन धर्म कॉलेज (राजपुर) में 54 और इंदौरा स्थित अरनी यूनिवर्सिटी में 72 लोगों ने रक्तदान किया। राजधानी शिमला में पंजाब केसरी समूह के बैनर तले आयोजित शिविर में करीब 150 लोगों ने भाग लिया, जिनमें से 82 लोगों ने रक्तदान किया। 

सिरमौर, सोलन, कुल्लू, मंडी और चम्बा में भी हुआ महादान
प्रदेश के अन्य जिलों में भी लोगों ने इस पुनीत कार्य में आहुति डाली। सिरमौर के डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में 55 और सोलन के शेड्स (कॉलेज में भी 55 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। इसी तरह कुल्लू कॉलेज में 47, मंडी के श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक में 37 और चम्बा जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाथरी में 30 लोगों ने रक्तदान किया।

प्रमाण पत्र व मैडल देकर सम्मानित किए रक्तवीर
इन सभी 12 स्थानों पर आयोजित रक्तदान शिविरों के माध्यम से अमर शहीद लाला जगत नारायण जी के समाजसेवा और मानव कल्याण के संदेश को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम किया गया। रक्तदाताओं ने एक स्वर में कहा कि रक्त की एक-एक बूंद किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने के काम आएगी, जो लाला जी को सबसे सच्ची श्रद्धांजलि है। रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाने के लिए पंजाब केसरी समूह की ओर से उन्हें प्रमाण पत्र व मैडल देकर सम्मानित किया गया।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News