इंडिया गठबंधन ने शिमला में घेरी मोदी सरकार, एकजुटता का दिया संदेश

punjabkesari.in Tuesday, May 14, 2024 - 04:24 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल में भी इंडिया गठबंधन ने एकजुटता का संदेश देते हुए केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश भाजपा पर तीखा निशाना साधा है। मंगलवार को शिमला में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, माकपा नेता राकेश सिंघा तथा आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधति किया। इस दौरान सहयोगी दलों ने प्रदेश में लोकसभा की 4 और 6 विधानसभा में होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को समर्थन देने का ऐलान किया। पत्रकार वार्ता में रोहित ठाकुर ने कहा कि यह चुनाव नैतिकता व अनैतिकता, सच्चाई व बुराई तथा धनबल व जनबल के बीच होगा, जिसमें 4 जून को जनबल की जीत होगी। उन्होंने का कि यह लोकसभा चुनाव देश की दिशा और दशा तय करेंगे, ऐसे में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर वोट का विभाजन न हो, उसके लिए इंडिया गठबंधन एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ लोकसभा का चुनाव लड़ रहा है। रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता भलीभांति जान चुकी है कि किस तरह से भाजपा ने प्रदेश सरकार को ऑप्रेशन लोटस के तहत गिरने का प्रयास किया था, ऐसे में अब इसका जवाब चुनाव में जनता भाजपा को देगी। संयुक्त पत्रकार वार्ता में सहयोगी दलों के कई अन्य नेता भी मौजूद रहे।

यदि संविधान बचेगा तो ही लोकतंत्र बचेगा : राकेश सिंघा
माकपा के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक राकेश सिंह ने कहा कि आजादी के बाद यह साधारण चुनाव नहीं बल्कि असाधारण चुनाव है। जहां 2-2 राज्यों के मौजूदा मुख्यमंत्री को मोदी सरकार ने संविधान के विरुद्ध कार्य करते जेल भेजा। ऐसा इतिहास में पहली बार हुआ है। उन्होंने कहा कि माकपा इंडिया गठबंधन का अनुमोदन करती है और प्रदेश की 4 लोकसभा और 6 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशियों के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि आज देश खतरे में है। यदि संविधान बचेगा तो ही लोकतंत्र बचेगा।

भाजपा जुमला पार्टी, जनता सबक सिखाने के लिए तैयार : सुरजीत
आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्र में इंडिया गठबंधन पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश की जनता से जो वायदे किए थे, वे जुमला साबित हुए। ऐसे में अब देशवासियों के अच्छे दिन तब आएंगे, जब जुमलेबाजों की सरकार सत्ता से बाहर जाएगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सभी सीमाओं को लांघ दिया है, ऐसे में अब देश की जनता भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News