Himachal: शिमला में कार से चिट्टे की खेप बरामद, सोलन का युवक चढ़ा पुलिस के हत्थे

punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 07:22 PM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक सफलता हाथ लगी है। शिमला पुलिस की स्पैशल सैल टीम और बालूगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तारादेवी क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान एक ऑल्टो कार से 14 ग्राम चिट्टा बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार शिमला पुलिस की स्पैशल सैल की टीम मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के उद्देश्य से तारादेवी बायफरकेशन क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सोलन का रहने वाला एक युवक ऑल्टो कार में सवार होकर शोघी से तारादेवी होते हुए शिमला की ओर चिट्टे की सप्लाई लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में नाकेबंदी कर दी। कुछ ही देर में जब संदिग्ध ऑल्टो कार वहां पहुंची, तो पुलिस ने उसे जांच के लिए रोका। वाहन की बारीकी से तलाशी लेने पर गाड़ी के अंदर से 14 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया और आरोपी को धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपी की पहचान जय सिंगला (पुत्र मनोज कुमार) के रूप में हुई है, जो गांव बसाल, तहसील व जिला सोलन का निवासी है। इस मामले में पुलिस थाना बालूगंज में आरोपी जय सिंगला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। शिमला पुलिस अब इस मामले की गहन तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह नशा कहां से खरीद कर लाया था (बैकवर्ड लिंकेज) और शिमला में यह चिट्टा किन लोगों को सप्लाई किया जाना था (फॉरवर्ड लिंकेज)। इस गिरफ्तारी से शिमला में सक्रिय नशा तस्करों के नैटवर्क का बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News