शिमला के बड़ागांव में भीषण अग्निकांड, सिलैंडर फटने से दहला इलाका, लाखों का सामान जलकर राख
punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 11:07 PM (IST)
कुमारसैन (सोनी): शिमला जिले के कुमारसैन उपमंडल के अंतर्गत बड़ागांव बस स्टैंड के पास शुक्रवार को एक तीन मंजिला मकान में अचानक भयंकर आग लग गई। इस अग्निकांड में मकान की ऊपरी मंजिल पूरी तरह से जलकर राख हो गई। गनीमत यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी प्रकार का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है और समय रहते आग को आसपास के मकानों में फैलने से रोक लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार यह तीन मंजिला मकान सराहन गांव के निवासी जिया लाल पुत्र परमानंद का है। शुक्रवार को मकान की सबसे ऊपरी मंजिल में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इसी दौरान ऊपरी मंजिल पर रखे एक गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि मकान की ऊपरी मंजिल की दीवारों में दरारें आ गईं और छत पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में सुन्नी तहसील के धरोगड़ा गांव निवासी हनीश कुमार पुत्र बुद्धिराम का भारी नुक्सान हुआ है। हनीश इस मकान की ऊपरी मंजिल पर किराएदार के रूप में रहते थे। आग के कारण उनके कमरे में रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया है।
आग लगने की सूचना मिलते ही कुमारसैन से अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अगर समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो आसपास के मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया है। फिलहाल, आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा नुक्सान का आकलन किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।

