शिमला में चुनावी नतीजों की तैयारी: 31 मई को होगी मतगणना, DC ने जारी की स्ट्रांग रूम और केंद्रों की सूची

punjabkesari.in Saturday, May 30, 2026 - 09:37 AM (IST)

Himachal News : शिमला के उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अनुपम कश्यप ने जिला शिमला में पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव-2026 के लिए मतगणना केंद्रों तथा स्ट्रांग रूम के स्थानों की अधिसूचना जारी कर दी है। पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों की मतगणना तथा परिणामों की घोषणा 31 मई को की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से शुक्रवार को जारी अधिसूचना के अनुसार जिले के सभी 14 पंचायत समिति खंडों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गयी हैं। इनमें बसंतपुर, छोहारा, डोडरा-क्वार, चौपाल, जुब्बल, कोटखाई, कुपवी, मशोबरा, ननखड़ी, नारकंडा, रामपुर, रोहड़ू, ठियोग और टूटीकंडी (टुटू) शामिल हैं। पंचायत समिति चुनावों की मतगणना के लिए जिले भर में विभिन्न सरकारी संस्थानों और प्रशासनिक कार्यालयों में मतगणना केंद्र स्थापित किये गये हैं। मतदान सामग्री और मतपेटियों के सुरक्षित भंडारण के लिए संबंधित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ स्ट्रांग रूम भी निर्धारित किये गये हैं। इसी प्रकार जिला परिषद चुनावों के लिए भी सभी पंचायत समिति क्षेत्रों में मतगणना केंद्रों और स्ट्रांग रूम की व्यवस्था अधिसूचित की गयी है। इसके तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों, सम्मेलन कक्षों, विकास खंड कार्यालयों और प्रशिक्षण संस्थानों को मतगणना केंद्र बनाया गया है।

प्रमुख मतगणना केंद्रों में टीआरएल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुब्बल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चौपाल, मिनी सचिवालय कोटखाई, सहकारी प्रशिक्षण संस्थान मशोबरा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ननखड़ी तथा टुटू क्षेत्र का पंचायत सामुदायिक भवन बारोटी शामिल हैं। जिला प्रशासन ने कहा कि पंचायती राज चुनावों की मतगणना को सुचारु, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। 

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News