Kullu: साइकिल चलाते समय हुआ हादसा...13 वर्षीय बालक की गई जान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 05:22 PM (IST)
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जिले के भुंतर तहसील के अंतर्गत आने वाले चौहकी इलाके में साइकिल चलाते समय हुए एक हादसे में 13 वर्षीय बालक की जान चली गई। मृतक की पहचान हिरदेश पुत्र मनोज निवासी गांव चौहकी के रूप में हुई है। बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बीती शाम की है। 13 वर्षीय हिरदेश अपने घर के समीप साइकिल चला रहा था। इसी दौरान अचानक साइकिल से उसका नियंत्रण खो गया और वह गिरते हुए सीधे सड़क किनारे बने पैरापिट से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हिरदेश बुरी तरह से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद परिजन घायल हिरदेश को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लेकर पहुंचे। यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस पूछताछ में मृतक के पिता मनोज ने इस मामले में किसी पर भी कोई शक जाहिर नहीं किया है। इस घटना की पुष्टि करते हुए एसपी कुल्लू अभिषेक सेकर ने बताया कि पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई है। बुधवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

