Kullu: 2 से 20 अक्तूबर तक बंद रहेगा केलांग का ये सड़क मार्ग, जानें वैकल्पिक रूट

punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 06:26 PM (IST)

केलांग (ब्यूरो): लाहौल-स्पीति जिले के मुख्यालय केलांग में सड़क निर्माण कार्य के चलते यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा दुर्गा माता रोड से अस्पताल चौक (लोअर केलांग) तक सीमेंट कंक्रीट पेवर बिछाने का कार्य किया जाना है। इसके दृष्टिगत प्रशासन ने इस मार्ग को 2 अक्तूबर से 20 अक्तूबर तक (या कार्य पूर्ण होने तक) वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद रखने का निर्णय लिया है।

ये रहेगा वैकल्पिक मार्ग
उपमंडल दंडाधिकारी लाहौल स्थित केलांग कुनिका ऐकर्स ने जानकारी देते हुए बताया कि सड़क बंद रहने की अवधि के दौरान यातायात को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। इस दौरान वाहन चालक बिलिंग से जिला अस्पताल और टाऊन रोड होते हुए शाकस नाला वाले वैकल्पिक मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।

आपातकालीन वाहनों को मिलेगी छूट
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि आपातकालीन वाहनों (एंबुलैंस आदि) को मौके की स्थिति और सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुसार इसी मार्ग या उपलब्ध वैकल्पिक मार्ग से आवागमन की विशेष सुविधा प्रदान की जाएगी। प्रशासन ने निर्माण कार्य के दौरान आम जनता को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। साथ ही लोगों से अपील की है कि वे यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस व प्रशासन का सहयोग करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का ही उपयोग करें ताकि कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News