3 साल में हिमाचल में सड़क हादसों ने ली 2,643 लोगों की जान, शिमला में सबसे अधिक लोग हुए मौत का शिकार
punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 12:01 PM (IST)
Shimla News : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को विधानसभा को सूचित किया कि पिछले तीन वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं में हिमाचल प्रदेश में 2,643 लोगों की जान चली गई।
शिमला में सबसे अधिक लोग हुए मौत का शिकार
विधायक भुवनेश्वर गौर के एक प्रश्न के लिखित उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 जनवरी, 2026 तक पिछले तीन वर्षों में राज्य में 6,515 सड़क दुर्घटनाओं में 9,999 लोग घायल हुए। उन्होंने कहा कि तेज गति से वाहन चलाना, शराब पीकर गाड़ी चलाना, गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना, लापरवाही से गाड़ी चलाना और सड़कों की खराब स्थिति दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण थे। पिछले तीन वर्षों में शिमला जिले में सबसे अधिक दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। वर्ष 2023 में 300, वर्ष 2024 में 320 और 2025 में 270 दुर्घटनाएं हुईं।
सुक्खू ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए 108 इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम की स्थापना, यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ प्रवर्तन अभियान और ओवर-स्पीडिंग और लापरवाही से गाड़ी चलाने पर चालान सहित कई उपाय किए गए हैं।

