Himachal: कांगड़ा में पिकअप वाहन से अवैध शराब की 149 पेटियां बरामद, चालक गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 12:03 PM (IST)

कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश में नशा और अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कांगड़ा पुलिस ने सोमवार देर रात कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की एक बड़ी खेप को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने एक पिकअप गाड़ी से 149 पेटी अवैध देसी शराब बरामद की है।

जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात कांगड़ा पुलिस की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुराना कांगड़ा इलाके में हनुमान मंदिर के पास पुलिस ने वाहनों की चैकिंग शुरू की। इसी दौरान एक पिकअप गाड़ी (HP 90A-1656) वहां से गुजर रही थी। पुलिस टीम ने शक के आधार पर जब गाड़ी को रुकने का इशारा किया और उसकी तलाशी ली, तो गाड़ी के अंदर शराब की पेटियां लदी हुई मिलीं। पुलिस के अनुसार गाड़ी से कुल 149 पेटी अवैध देसी शराब बरामद हुई है, जो वी आर वी संतरा मार्का की है। अगर मात्रा की बात करें तो यह कुल 13 लाख 41 हजार मिलीलीटर शराब बनती है। चालक से जब इतनी बड़ी मात्रा में शराब ले जाने के परमिट और वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी संतोषजनक जवाब या कागजात पेश नहीं कर सका।

कांगड़ा के डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस ने तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करते हुए बरामद की गई 149 पेटी अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक की पहचान सृजन शर्मा पुत्र सुनील कुमार शर्मा के रूप में हुई है जोकि कांगड़ा जिले के शाहपुर तहसील के अंतर्गत आने वाले गांव क्यारी का निवासी है। आरोपी के खिलाफ स्थानीय पुलिस थाना में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम  की धारा 39(1)ए के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुट गई है कि शराब की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

इस बड़ी कार्रवाई के बाद डीएसपी अंकित शर्मा ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि कांगड़ा पुलिस अवैध शराब और नशे के खिलाफ जीरो टॉलरैंस की नीति अपना रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में नशा माफिया को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। आने वाले दिनों में भी रात के समय गश्त और नाकाबंदी को और अधिक सख्त किया जाएगा ताकि युवाओं की रगों में जहर घोलने वालों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News