कांगड़ा के पालमपुर व नगरोटा बगवां में चिट्टे की खेप के साथ तीन गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 08:37 PM (IST)

पालमपुर/नगरोटा बगवां (भृगु/बिशन): कांगड़ा जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 20.08 ग्राम चिट्टा बरामद कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि पालमपुर में एक दुकान का मालिक फरार बताया जा रहा है। पालमपुर बाजार में सीआईए और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक हैंडलूम दुकान में दबिश देकर पार्सल से 10.41 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस ने मौके पर मौजूद दुकान के सेल्समैन अमित कुमार (27), निवासी मझेरना, बैजनाथ को गिरफ्तार किया, जबकि दुकान मालिक वरुण खन्ना की तलाश की जा रही है। पुलिस थाना पालमपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वहीं, नगरोटा बगवां में मस्सल रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास सीआईए टीम ने स्कूटी सवार दो युवकों से 9.67 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस ने चकलू, जिला चम्बा निवासी सार्थक और गंवरू, धर्मशाला निवासी अंकुश को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस दोनों मामलों में नशे की खेप के स्रोत और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News