Shimla: बीएड परीक्षाओं के लिए एचपीयू ने शुरू की आवेदन प्रक्रिया, फॉर्म भरने से पहले जान लें ये जरूरी नियम
punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 06:32 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने बीएड की आगामी परीक्षाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने फरवरी और मार्च माह में आयोजित होने वाली इन परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक बीएड प्रथम व तृतीय सैमेस्टर (पीजी सैंटर, सरकारी व निजी कॉलेज) के रैगुलर और रि-अपीयर विद्यार्थियों को यह फॉर्म भरने होंगे। इसके साथ ही सैंटर फॉर डिस्टैंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) के बीएड प्रथम व द्वितीय वर्ष (वार्षिक प्रणाली) के विद्यार्थी भी इस प्रक्रिया में शामिल हैं।
विद्यार्थियों को 16 फरवरी तक बिना किसी विलंब शुल्क के ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने का समय दिया गया है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि इस तारीख के बाद फॉर्म भरने पर नियमों के तहत विलंब शुल्क वसूला जाएगा। फीस जमा होने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही परीक्षाओं की डेटशीट जारी की जाएगी।
बुधवार को अधिसूचना जारी करते हुए विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने कहा कि यदि किसी विद्यार्थी को फॉर्म भरने में तकनीकी समस्या आती है, तो वे अपने संस्थान के चेयरमैन, प्रधानाचार्य या निदेशक से संपर्क कर सकते हैं।
परीक्षा नियंत्रक ने सभी संबंधित संस्थानों के प्रमुखों (चेयरमैन/प्रधानाचार्य/निदेशक) को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे फॉर्म वेरीफाई करते समय सतर्कता बरतें। उन्हें केवल उन्हीं विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म वेरीफाई करने को कहा गया है जो परीक्षा देने के लिए पात्र हैं।

