आश्रय शर्मा ने कांग्रेस के सभी पदों से दिया इस्तीफा, जेपी नड्डा मंडी में करेंगे चुनावी शंखनाद, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Sunday, Oct 09, 2022 - 07:12 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): वर्तमान प्रदेश कांग्रेस महासचिव आश्रय शर्मा ने कांग्रेस पार्टी को छोड़ दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। विधानसभा चुनाव के टिकट आबंटन को लेकर कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की दूसरी बैठक प्रदेश की 68 में से 22 सीटों पर मंथन हुआ लेकिन 18 सीटों पर सहमति नहीं बन पाई। केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय द्वारा हिमाचल प्रदेश में लगभग 2167.72 करोड़ रुपए की लागत से 5 बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री मोदी व केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र शेखावत की प्रशंसा की। प्रदेश सरकार ने हिमाचल प्रदेश पुलिस सेवा (एचपीपीएस) 13 अधिकारियों के तबादले किए हैं। इनमें 7 एएसपी और 6 डीएसपी शामिल हैं। 

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

सुखराम के पोते आश्रय शर्मा ने छोड़ी कांग्रेस, प्रतिभा-कौल सिंह पर साधा निशाना
मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके एवं वर्तमान प्रदेश कांग्रेस महासचिव आश्रय शर्मा ने कांग्रेस पार्टी को छोड़ दिया। इस संबंध में आश्रय ने सोनिया गांधी को अपना त्याग पत्र भेज दिया है। इस बात की घोषणा शुक्रवार को मंडी में प्रैस वार्ता को संबोधित करते हुए आश्रय शर्मा ने कांग्रेस पार्टी को छोड़ने के साथ-साथ पार्टी के सभी पदों और सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मंडी में करेंगे चुनावी शंखनाद
विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने कमर कस ली है और पार्टी की मजबूती के लिए बड़े नेताओं के प्रदेश में लगातार कार्यक्रम तय हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। इसी कड़ी में 10 अक्तूबर को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष मंडी संसदीय क्षेत्र के सभी चुने हुए जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। 

कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में हिमाचल की 22 सीटों पर मंथन, 18 पर नहीं बन पाई सहमति
विधानसभा चुनाव के टिकट आबंटन को लेकर कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की दूसरी बैठक शुक्रवार को दिल्ली में हुई। दीपादास मुंशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश की 68 में से 22 सीटों पर मंथन हुआ लेकिन 18 सीटों पर सहमति नहीं बन पाई। इनमें कुटलैहड़, हमीरपुर, भोरंज, जयसिंहपुर, बैजनाथ, शाहपुर, मंडी सदर, इंदौरा, सुलह, जोगिंद्रनगर व चुराह सहित अन्य सीटें शामिल बताई जा रही हैं, ऐसे में 2 से लेकर 4 दावेदारों के नाम पैनल में भेजे गए। 

हिमाचल को 2167.72 करोड़ की बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं को मंजूरी
केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय द्वारा हिमाचल प्रदेश में लगभग 2167.72 करोड़ रुपए की लागत से 5 बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री मोदी व केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र शेखावत की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग के सचिव की अध्यक्षता में सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण एवं बहुउद्देश्यीय परियोजना सलाहकार समिति की 150वीं बैठक के बाद सुकेती खड्ड, स्वां नदी एवं सीर खड्ड में बाढ़ संरक्षण परियोजनाओं सहित फिना सिंह बहुउद्देश्यीय परियोजना तथा अन्य विभिन्न खड्डों के लिए बाढ़ संरक्षण परियोजना को मंजूरी दी गई है। 

सरकार ने बदले 13 HPPS अधिकारी, एक अधिकारी के तबादला आदेश रद्द
प्रदेश सरकार ने हिमाचल प्रदेश पुलिस सेवा (एचपीपीएस) 13 अधिकारियों के तबादले किए हैं। इनमें 7 एएसपी और 6 डीएसपी शामिल हैं। बदले गए एएसपी अधिकारियों में कुलभूषण वर्मा को सिक्सथ आईआरबी से एएनटीएफ कांगड़ा, राजेश कुमार को फर्स्ट आईआरबी बनगढ़ से साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मंडी,  सोमदत्त को सिरमौर से एएसपी लीव रिर्जव सिरमौर, हितेश लखनपाल को एएनटीएफ कांगड़ा से साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कांगड़ा भेजा गया है।

ढालपुर में 7500 महिलाओं ने पारम्परिक परिधानों में डाली महानाटी
ढालपुर मैदान का दृश्य शुक्रवार को हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करने वाला था, जहां जिले की 7500 महिलाएं पारम्परिक परिधानों में गीत-संगीत और वाद्ययंत्रों की स्वरलहरियों के बीच महानाटी का प्रदर्शन कर रही थीं। महानाटी में जिले के दूरवर्ती पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर हर हिस्से से महिलाएं अपने पारम्परिक परिधानों में सुसज्जित होकर समूहों में ढालपुर मैदान पहुंचीं।

सिरमौर व बीबीएन के 7 उद्योगों को 8.29 करोड़ का जुर्माना
राज्य कर एवं आबकारी विभाग की दक्षिणी क्षेत्र राज्य कर एवं आबकारी प्रवर्तन परवाणु ने जीएसटी की कथित चोरी के मामले सिरमौर व बीबीएन के नॉन वोवन कैरी बैग्स बनाने वाले 7 उद्योगों को 8.29 करोड़ रुपए का जुर्माना किया है। इसमें से एक उद्योग ने तो जुर्माना जमा भी कर दिया है। मजेदार बात यह है कि जीएसटी की कथित चोरी कर रहे यह उद्योग इनपुट टैक्स क्रैडिट का लाभ उठाकर सरकारी खजाने को 5.97 करोड़ रुपए की चपत भी लगाई क्योंकि यह राशि सरकारी खजाने से उनके खाते में रिफंड हुई। 

सोलन की बलजीत कौर ने बिना ऑक्सीजन किट के फतह किया मानस्लू पर्वत
जिला सोलन की पर्वतारोही बलजीत कौर ने विश्व के 8वें सबसे ऊंचे पर्वत मानस्लू को बिना ऑक्सीजन किट के ही फतह कर लिया है। मानस्लू पर्वत की ऊंचाई 8163 मीटर है व यह नेपाल में स्थित है। 26 वर्षीय बलजीत सबसे कम उम्र की प्रथम भारतीय महिला है, जिसने बिना ऑक्सीजन के इस पर्वत पर चढ़ाई की। 

हिमाचल के अस्पतालों को मिले 245 मेडिकल ऑफिसर
प्रदेश सरकार ने राज्य के अस्पतालों में 245 मेडिकल ऑफिसरों (एमबीबीएस) की तैनाती कर दी है। प्रधान सचिव स्वास्थ्य की ओर से इसके आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। इसके तहत दीक्षा ठाकुर को पीएचसी सेरी बंगलो मंडी, अर्पित को मुख्यमंत्री मोबाइल क्लीनिक रोहड़ू शिमला, श्वेता ठाकुर को पीएचसी पुर्थी चम्बा, इशिता ठाकुर को पीएचसी चौक मंडी, अरुणिका ठाकुर को मुख्यमंत्री मोबाइल क्लीनिक धर्मशाला, नितिन कुमार को पीएचसी परवाड़ा मंडी लगाया है।

धर्मशाला : रोप-वे में सफर करने वालों काे झटका, कंपनी ने किराए में की बढ़ौतरी
रोप-वे धर्मशाला कंपनी ने रोप-वे में सफर करने वाले लोगों व पर्यटकों को बड़ा झटका दिया है। कंपनी ने एकदम से किराए में भारी बढ़ौतरी कर दी है। कंपनी के अधिकारियों ने अब एक तरफ का सफर करने के लिए 450 रुपए और दोनों तरफ का सफर करने के लिए 650 रुपए टिकट कर दी है। इससे पर्यटकों व लोगों में कंपनी के प्रति रोष पनप रहा है।

सरकार का राजस्व विभाग में बड़ा फेरबदल, 75 नायब तहसीलदारों का तबादला
विधानसभा चुनावों को देखते हुए हिमाचल प्रदेश में एक स्थान पर 3 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले तथा अपने गृह क्षेत्र में तैनात अधिकारियों के तबादलों का क्रम जारी है। इसी कड़ी में प्रदेश सरकार ने राजस्व विभाग में 75 नायब तहसीलदारों के तबादले किए हैं। ये तबादले चुनाव आयोग के निर्देशों के आधार पर किए गए हैं। इससे संबंधित अधिसूचना राज्य सरकार की ओर से राजस्व विभाग ने शुक्रवार को जारी कर दी है।

अध्यापकों ने स्कूल को बना डाला मयखाना, लोगों ने वीडियो बनाकर किया वायरल
ऊना जिले के उपमंडल गगरेट के दियोली गांव में विवादों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा। गांव में अब 2 अध्यापकों का स्कूल परिसर में शराब पीते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जानकारी के अनुसार दोनों अध्यापक इसी स्कूल में तैनात हैं, जिसमें एक मुख्याध्यापक है और एक कला अध्यापक बताया जा रहा है। 

मंडी में नाकाबंदी पर कार से चरस की बड़ी खेप बरामद, तस्कर गिरफ्तार
नशे के विरुद्ध छेड़े अभियान में जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ताजा मामले में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान चक्कर स्थित हुनमान मंदिर के पास एक चरस तस्कर हरि सिंह पुत्र (40) झापटू राम गांव पाटन तहसील पधर जिला मंडी से 4 किलो 145 ग्राम चरस बरामद की है। अंतर्राष्ट्रीय मार्कीट में इसकी कीमत लाखों में बताई गई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News