कांग्रेस ने सुजानपुर से किया चुनावी शंखनाद, प्रधानमंत्री के हाथों पहली बार होगा कुल्लू दशहरा उत्सव का उद्घाटन, पढ़ें HP की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Sep 30, 2022 - 12:06 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने जन संकल्प रैली के बहाने सुजानपुर से चुनावी हुंकार भर दी है। पहली बार देश के प्रधानमंत्री अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में शिरकत करेंगे। इंदौरा क्षेत्र में खनन माफिया ने कारिंदों ने वन विभाग की टीम से धक्का-मुक्की कर दी। केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह विधानसभा क्षेत्र सराज के जंजैहली में जनसभा करते हुए मिशन रिपीट का दावा किया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने वीरवार को दिल्ली में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने भाजपा में जाने की चर्चाओं को निराधार बताया है। विजिलैंस विभाग की टीम ने धर्मशाला अग्निशमन अधिकारी को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

कांग्रेस ने सुजानपुर से भरी चुनावी हुंकार, भारी भीड़ जुटाकर राजेंद्र राणा ने दिखाई ताकत
इन नवरात्रों में कांग्रेस ने हिमाचल में चुनावों का शंखनाद ऐतिहासिक नगरी सुजानपुर से कर दिया। आज यहां के ऐतिहासिक चौगान में आयोजित जन संकल्प रैली में सुजानपुर के विधायक और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने भारी जनसैलाब जुटाकर कांग्रेस नेतृत्व को एक बार फिर से अपनी ताकत का एहसास कराया और भाजपा को सोचने पर मजबूर कर दिया।

पहली बार देश के प्रधानमंत्री करेंगे कुल्लू दशहरा उत्सव का उद्घाटन
आज तक के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा जब देश के प्रधानमंत्री अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में शिरकत करेंगे। 5 अक्तूबर को प्रधानमंत्री बिलासपुर में रैली को संबोधित करने के उपरांत कुल्लू आ रहे हैं। हालांकि मौसम विभाग उस दिन बारिश के भी संकेत दे रहा है। नरेंद्र मोदी हिमाचल के प्रभारी रहते हुए भी दशहरा उत्सव में शिरकत कर चुके हैं। अब फिर से उत्सव में शिरकत करके पुरानी यादें ताजा होंगी।

भदरोया में खनन माफिया की दबंगई, वन विभाग की टीम से कर दी धक्का-मुक्की
इंदौरा क्षेत्र में खनन माफिया के हौंसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे सरकारी मुलाजिमों को भी धमकाने में गुरेज नहीं कर रहे हैं और उनसे धक्का-मुक्की करने पर उतारू हो रहे हैं।मामला वन रेंज भदरोया का है। यहां का स्थानीय खनन माफिया वन विभाग की भूमि से अवैध रूप से मिट्टी का खनन कर ट्रैक्टर ट्राॅलियों में भरकर दिन-रात पंजाब क्षेत्र में महंगे रेटों पर बेचने के लिए जा रहा है।

हिमाचल में जयराम सरकार को फिर से रिपीट करेगी मातृशक्ति : मीनाक्षी लेखी
केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह विधानसभा क्षेत्र सराज के जंजैहली में जनसभा को संबोधित किया। मीनाक्षी लेखी ने भाजपा महिला मोर्चा के सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा मेरी राजनीति की शुरूआत महिला मोर्चा से हुई थी। देवी पक्ष में देवियों का आशीर्वाद लेने आई हूं। देवियों के आशीर्वाद से जयराम ठाकुर का जीतना तय है। हिमाचल में धावा बोलने वाले कांग्रेस रूपी असुरों का विनाश महिला शक्ति करेगी।

सोनिया से मिलीं प्रतिभा, कहा-टिकट आबंटन सही हुआ तो हिमाचल में कांग्रेस की जीत पक्की
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने वीरवार को दिल्ली में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं में आगामी विधानभा चुनाव टिकट को लेकर मचे घमासान के बीच प्रतिभा सिंह की सोनिया गांधी से हुई इस मुलाकात को लेकर सियायी गलियारों में भी चर्चा का मौहाल गर्म है। सूचना के अनुसार दोनों के बीच एक घंटे तक टिकट से लेकर अन्य संगठनात्मक मसलों पर चर्चा हुई है। इस दौरान प्रतिभा सिंह ने प्रदेश के ताजा राजनीतिक हालातों का भी पूरा फीडबैक पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष को दिया।

मैं कांग्रेस का सच्चा सिपाही, भाजपा में जाने की चर्चा केवल अफवाह : सुधीर शर्मा
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने भाजपा में जाने की चर्चाओं को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं और उनके खिलाफ विरोधियों द्वारा झूठा प्रचार किया जा रहा है। सुधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस एकजुट है तथा हिमाचल में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। सुधीर शर्मा ने संपर्क किए जाने पर कहा कि जो भी उनके खिलाफ अफवाहें फैला रहे हैं, उनको जल्द कड़ा जवाब दिया जाएगा।

धर्मशाला फायर ऑफिसर 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
विजिलैंस विभाग की टीम ने धर्मशाला अग्निशमन अधिकारी एसके चौधरी को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार धर्मशाला अग्निशमन कार्यालय के समीप अग्निशमन कर्मचारियों के रहने के लिए नए भवनों का निर्माण किया गया है। बताते चलें कि उक्त नए निर्माणाधीन भवनों में ठेकेदार द्वारा कार्य किया जा रहा था।

हर्ष महाजन पहले बता देते तो होलीलॉज में देते विदाई पार्टी : विक्रमादित्य सिंह
होलीलॉज के करीबी माने जाने वाले कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन के भाजपा में शामिल होने पर सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। विधायक विक्रमादित्य सिंह ने भी वीरवार को पत्रकार वार्ता के दौरान पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि यदि हर्ष महाजन पहले पार्टी छोड़ने की बात बता देते तो उन्हें हॉलीलॉज में फेयरवैल देकर और फूलमालाएं पहना कर विदाई देते।

अब इस्केमिक हार्ट स्ट्रोक का उपचार होगा आसान, आईआईटी मंडी ने तैयार की ये डिवाइस
वर्तमान की भाग दौड़ भरे जीवन में व्यक्ति सुकून की जिंदगी नहीं जी पाता, ऐसे में काम और ज्यादा प्राप्त हासिल करने की चिंता के बीच में खुद को समय न दे पाना, हैल्दी डाइट न कर पाना आदि ऐसे कई जोखिम कारण हैं जो मस्तिष्क पर असर डालते हैं और मस्तिष्क से संबंधित बीमारियों के जनक बनते हैं। उन्हीं बीमारियों में से एक प्रमुख बीमारी है स्ट्रोक यानि मस्तिष्क का दौरा। स्ट्रोक में से भी सबसे काॅमन स्ट्रोक है इस्केमिक हार्ट स्ट्रोक।

बद्दी के कोटला कलां में गाड़ी से पकड़ी 88 किलोग्राम भुक्की
बीबीएन में आए दिन नशे के कारोबारी पुलिस के हत्थे चढ़ा रहे हैं। इस कड़ी में बद्दी पुलिस की माइनिंग एंड डिटैक्टिव सैल की टीम ने देर शाम कोटला कलां के समीप नाके के दौरान एक कार चालक को नशे की बड़ी खेप के साथ पकड़ा है। जानकारी के अनुसार नालागढ़ की दभोटा चौकी के तहत गांव कोटला कलां रोड पर माइनिंग एंड डिटैक्टिव सैल की टीम ने नाका लगा रखा था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News