धर्मशाला के खनियारा में बादल फटने से तबाही, मणिमहेश में हजारों शिव भक्तों ने लगाई आस्था की डुबकी, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Saturday, Sep 03, 2022 - 07:35 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल सरकार एक बार फिर कर्ज लेने जा रही है। धर्मशाला के खनियारा में बादल फटने से तबाही मच गई है। मणिमहेश की डल झील में सप्तमी को हजारों शिव भक्तों ने पवित्र स्नान किया। पुलिस विभाग में 112 अधिकारी-कर्मचारी डीजीपी डिस्क अवार्ड से सम्मानित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस की तरफ से जारी की गईं 10 गारंटी को लेकर तंज कसा है। सोलन जिले के बद्दी में फूड लाइसैंस के नाम फर्जी दवाइयां बनाने का भंडाफोड़ हुआ है।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
एरियर और डीए भुगतान के लिए फिर कर्ज लेगी हिमाचल सरकार
कर्मचारियों व पैंशनरों को जनवरी 2016 से संशोधित वेतनमान का एरियर देने और 3 फीसदी डीए की किस्त अदायगी के लिए राज्य सरकार जल्द कर्ज लेने जा रही है। वित्त विभाग के स्तर पर इसे लेकर मंथन किया जा रहा है कि किस तरह से कर्मचारियों व पैंशनरों की वित्तीय अदायगियों को किया जाए। मौजूदा समय में सरकार को एरियर के रूप में करीब 1000 करोड़ रुपए का भुगतान करना है।
पुलिस विभाग में डीजीपी डिस्क अवार्ड से सम्मानित होंगे 112 अधिकारी-कर्मचारी
पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए 112 अधिकारियों व कर्मचारियों को डीजीपी डिस्क अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। इन पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों में 15 महिलाएं भी शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू द्वारा वर्ष 2021 के दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य के लिए यह अवार्ड दिए जाएंगे।
धर्मशाला के खनियारा में बादल फटा, एक दर्जन से अधिक घरों-दुकानों को नुक्सान
जिला मुख्यालय धर्मशाला के साथ लगते खनियारा गांव स्थित इंद्रुनाग मंदिर के ऊपर पहाड़ी पर शुक्रवार दोपहर करीब अढ़ाई बजे बादल फटने से इंद्रुनाग मंदिर के पास बाजार में भारी नुक्सान हुआ है। घुरलु नाले में भारी बारिश का पानी व मलबा आने से एक दर्जन से अधिक घरों-दुकानों को नुकसान पहुंचा है। हालाकिं इस त्रासदी के कारण कोई जान का नुकसान नहीं हुआ है। इस दौरान 2 दुकानें, 2 मकान तथा 3 खोखे पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।
कांग्रेस देश में खत्म, जहां बची वहां भी सत्ता से बाहर होंगे : जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पौने 5 वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश सरकार गरीब के करीब पहुंचने में कामयाब हुई है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जिनकी कोई गारंटी ही नहीं है, वे जनता को क्या गारंटी देंगे। बरोटीवाला के खेल मैदान में आयोजित प्रगतिशील हिमाचल 75 वर्ष कार्यक्रम में संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि वे गारंटी देते हैं कि पूरे देश में कांग्रेस खत्म हो गई है।
मणिमहेश यात्रा : 40 हजार शिव भक्तों ने डल झील में किया पवित्र स्नान
राधाष्टमी पर्व शुरू होने से पहले सप्तमी को शिवगुरों द्वारा डल झील पार करने के बाद लगभग 40 हजार शिव भक्तों ने मणिमहेश की डल झील में पवित्र स्नान किया। एसडीएम भरमौर असीम सूद ने बताया कि राधाष्टमी का स्नान रविवार सुबह 10 बजे तक होने के कारण बहुत से यात्रियों का मणिमहेश जाने का क्रम अभी भी जारी है।
भाजपा सरकार के खिलाफ जल्द चार्टशीट लाएगी कांग्रेस : प्रतिभा सिंह
प्रदेश कांग्रेस जल्द ही भाजपा सरकार के खिलाफ चार्जशीट लाएगी। इसमें सरकार के काले कारनामों का विस्तृत उल्लेख होगा। यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने शुक्रवार को पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ चार्जशीट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का चुनावी घोषणा पत्र जल्द जारी होगा।
AIIMS में सफाई कर्मी की नौकरी की एवज महिला से मांगी रिश्वत
झंडूता विधानसभा क्षेत्र के गांव भोली थुराण की लता देवी ने एसपी बिलासपुर एसआर राणा को एक शिकायत पत्र सौंप कर आरोप लगाया है कि एम्स में सफाई कर्मचारी की नौकरी देने की एवज में संबंधित कंपनी पैसे मांग रही है। लता देवी ने कहा कि कंपनी द्वारा सफाई कर्मचारियों की नियुक्तियां की जा रही हैं, जिसके लिए उसने 25 अगस्त को साक्षात्कार दिया था।
सिरमौर के लोगों के साथ हमेशा खड़ा है मामा : जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शुक्रवार को पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की उपतहसील पझोता के रोहड़ी गांव पहुंचे। उन्होंने आजादी का अमृत महोत्सव व प्रगतिशील हिमाचल के 75 वर्ष कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने गरीब व आम आदमी के कल्याण के लिए दर्जनों योजनाएं चलाकर साबित किया है कि जो अब तक के बड़े-बड़े मुख्यमंत्री नहीं कर पाए वो उन्होंने कर दिखाया है।
Suicide : लुधियाना के व्यक्ति ने पार्वती नदी में छलांग लगाकर दी जान
कुल्लू जिले के तहत सुमारोपा में लुधियाना के एक व्यक्ति ने पार्वती नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सुमारोपा में एक व्यक्ति चाय की रेहड़ी के पास बैठा रहा, यहां जयवंती चाय बेचती है। इस महिला ने पुलिस को बताया कि दिनभर यह व्यक्ति उसकी रेहड़ी के पास बैठा रहा। वीरवार को देर शाम जब वह रेहड़ी पर काम बंद करने लगी तो उक्त व्यक्ति नदी की तरफ भागा।
बद्दी में फूड लाइसैंस के नाम पर फर्जी दवाइयां बनाने का भंडाफोड़, कंपनी सीज
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के धर्मपुर गांव में चल रही एक फूड प्रोडक्ट कंपनी को फर्जी दवाइयां बनाने पर सीज कर दिया गया है। कंपनी में बरामद नकली दवाइयां भी जब्त की गई हैं। कंपनी का संचालक मौके से फरार हो गया। ड्रग विभाग को शक था कि कंपनी में नकली दवाइयाें का उत्पादन हो रहा है। विभाग की एक टीम इस कंपनी की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।