मुख्य सचिव को बदलने पर कांग्रेस ने घेरी जयराम सरकार, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Jul 15, 2022 - 11:20 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल के नए मुख्य सचिव ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। वहीं मुख्य सचिव को बदलने पर विपक्ष ने सरकार पर सवाल उठाने शुरू कर दिए है। बिलासपुर में पुलिस ने एक कार से चरस की खेप पकड़ी है। प्रदेश में कोरोना से 2 लोगों की मौत हो गई है। श्रीखंड यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार पर पत्थर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। शिमला में भाजपा के पूर्व पार्षद ने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर ली।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

नया चैलेंज लेकर आई मुख्य सचिव की कुर्सी
मुख्य सचिव की कुर्सी नया चैलेंज लेकर आई है। मैं उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। सरकार में जिस भी पद पर रहा, उसके अनुरूप खुद को ढालने का प्रयास किया। यह बात वर्ष 1988 बैच के आईएएस अधिकारी आरडी धीमान ने मुख्य सचिव के पद का कार्यभार संभालने के बाद कही। उन्होंने जिस समय मुख्य सचिव पद का कार्यभार संभाला, उस समय खुद राम सुभग सिंह उनको बधाई देने के लिए पहुंचे। 

बिलासपुर में आल्टो कार से पकड़ी 2.936 किलोग्राम चरस
बिलासपुर सदर थाना पुलिस ने शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर लगाए गए नाके के दौरान एक आल्टो कार से 2 किलो 936 ग्राम चरस पकड़ी है। चरस की ये खेप चंडीगढ़ ले जाई जा रही थी। पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार सदर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मंडी की तरफ से एक अप्लाइड फॉर नंबर पिकअप आ रही है, जिसमें 2 व्यक्ति बैठे हैं जबकि अप्लाइड फॉर नंबर की एक सफेद रंग की आल्टो कार में 3 व्यक्ति बैठे हैं। 

मुख्य सचिव को बदलने पर मुकेश अग्निहोत्री ने उठाए सवाल
प्रदेश के मुख्य सचिव पद से राम सुभग सिंह को हटाए जाने पर नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आखिर मुख्य सचिव क्यों हटाए गए हैं और इसके पीछे क्या कारण रहे हैं। ऊना में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए नेता विपक्ष ने कहा कि सरकार ने पौने 5 वर्ष के अपने कार्यकाल के दौरान 6 चीफ सैक्रेटरी बदले हैं। 

हिमाचल में कोरोना से 2 लोगों की मौत
हिमाचल व्रदेश में कोरोना से युवक सहित 2 लोगों की मौत हुई है। वहीं कोरोना के नए 438 पॉजिटिव मामले आए हैं। कोरोना से दोनों मौतें चम्बा जिले में ही हुई हैं। इनमें 24 साल का युवक व 55 साल का व्यक्ति शामिल है। वहीं नए आए संक्रमितों में बिलासपुर के 7, चम्बा के 74, हमीरपुर के 28, कांगड़ा के 92, किन्नौर के 7, कुल्लू के 42, लाहौल-स्पीति के 4, मंडी के 56, शिमला के 66, सिरमौर के 29, सोलन के 27 व ऊना के 6 मरीज शामिल हैं।

श्रीखंड यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी पर गिरे पत्थर
आनी उपमंडल में भारी बारिश के चलते जाओं से 1 किलोमीटर आगे बागीपुल की तरफ एक कार पर भूस्खलन के चलते पत्थर गिर गए। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए नागरिक चिकित्सालय निरमंड में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार उक्त लोग श्रीखंड यात्रा से अपनी निजी कार में वापस लौट रहे थे।

हिमाचल में मानसून से 272 करोड़ का नुक्सान
हिमाचल में मानसून को अभी 17 दिनों का समय ही हुआ है लेकिन इन 17 दिनों में मानसून प्रदेश के करोड़ों रुपए बहा ले गया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक हिमाचल प्रदेश को अब तक 272 करोड़ रुपए के नुक्सान का आकलन है। लोक निर्माण विभाग व जल शक्ति विभाग को सबसे ज्यादा नुक्सान हुआ है। 

भाजपा के पूर्व पार्षद मनोज कुठियाला ने थामा कांग्रेस का दामन
आगामी विधानसभा और शिमला नगर निगम चुनाव की तैयारियों में जुटे विपक्षी दल कांग्रेस की सत्ताधारी दल भाजपा में सेंधमारी जारी है। इसी कड़ी में भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष खीमी राम के बाद भाजपा कार्यकारिणी के सदस्य एवं जाखू वार्ड के पूर्व पार्षद मनोज कुठियाला ने शुक्रवार को अपनी धर्मपत्नी शोभा कुठियाला सहित 60 समर्थकों के साथ होलीलॉज में कांग्रेस में दामन थाम लिया। 

5 आरोपियों की तलाश में कुल्लू पहुंची केरल पुलिस
बीते माह केरल में हुए एक हत्याकांड में पुलिस की एक टीम कुल्लू पहुंच गई है। केरल पुलिस की टीम हत्या के पांच आरोपियों की तलाश में यहां जुट गई है और उन्होंने कुल्लू पुलिस की टीम से भी सहयोग मांगा है। केरल पुलिस को शक है कि भारतीय मूल के दुबई के नागरिक की हत्या के ये पांचों आरोपी कुल्लू में कहीं छुपे हैं। 

HPU ने जारी की स्नातकोत्तर स्तर के कोर्सिज की परीक्षाओं की डेटशीट
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर के कोर्सिज की परीक्षाओं के दृष्टिगत डेटशीट जारी कर दी है। डेटशीट के अनुसार स्नातकोत्तर कोर्सिज की परीक्षाएं 30 जुलाई से शुरू होकर सितम्बर माह के प्रथम सप्ताह तक चलेंगी। द्वितीय, चतुर्थ व छठे सैमेस्टर रैगुलर के अलावा प्रथम व तृतीय व 5वें सैमेस्टर की री-अपीयर परीक्षाएं इस अवधि के दौरान आयोजित की जाएंगी। 

दलाल माफिया के इशारों पर नाच रही बीजेपी सरकार
दलाल माफिया की कठपुतली बन चुकी बीजेपी सरकार की कारगुजारी के कारण प्रदेश की जनता को डिपुओं में सरसों का तेल नहीं मिल पा रहा है। यह बात प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधायक राजेंद्र राणा ने यहां जारी प्रैस बयान में कही है। उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्ट्स बता रही है कि दलाल माफिया के इशारों पर नाच रही बीजेपी सरकार ने दलाल माफिया के इशारे पर तेल खरीद का टैंडर रद्द किया है जिसकी सजा आम आदमी को रसोई में मिल रही है। 

दुष्कर्म के दोषी को 20 साल का कठोर कारवास
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक स्पैशल कोर्ट सिरमौर अरविंद कुमार ने दुष्कर्म के एक मामले में दोषी कर्म चंद पुत्र बीरू राम निवासी गांव बड़ा चकली, डाकघर टिक्करी कुठार तहसील पच्छाद को 20 साल के कठोर कारावास की सजा व 10 हजार रुपए जुर्माना अदा करने के आदेश दिए हैं। जुर्माना अदा न करने की सूरत में मुजरिम को 6 माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News