बीकॉम के रिजल्ट में छाईं लड़कियां, सरकार ने नया मुख्य सचिव किया तैनात, पढ़ें HP की 10 बड़ीं खबरें

punjabkesari.in Thursday, Jul 14, 2022 - 11:41 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल के मंडी जिले में एचआरटीसी की बस पहाड़ी से टकरा गई। कांगड़ा जिले में पैराग्लाइडिंग पर प्रतिबंध लग गया है। प्रदेश सरकार ने नए मुख्य सचिव नियुक्त कर दिया है। वहीं बीकॉम के फाइनल ईयर के परिणाम लड़कियों ने बाजी मारी है। ऊना जिले में प्रसाद खाने के बाद एक बच्ची की मौत हो गई। हमीरपुर में सैर के लिए निकली बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया गया।  

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में काेरोना से महिला की मौत
हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में कोरोना से 45 वर्षीय महिला की मौत हुई है वहीं कोरोना के 422 नए पॉजिटिव मामले आए हैं। संक्रमितों में बिलासपुर के 20, चम्बा के 67, हमीरपुर के 26, कांगड़ा के 124, किन्नौर के 5, कुल्लू के 22, लाहौल-स्पीति का 1, मंडी के 36, शिमला के 69, सिरमौर के 28, सोलन के 14 और ऊना के 10 मरीज शामिल हैं। वहीं एक दिन के अंदर 191 मरीज स्वस्थ हुए हैं। 

Kangra में अब उड़ते नजर नहीं आएंगे मानव परिंदे
हिमाचल में बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए व लोगों की सुरक्षा के लिए 15 जुलाई से 15 सितम्बर तक साहसिक गतिविधियों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया जाता है। इसके चलते विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साइट बीड़ बिलिंग और धर्मशाला के इंद्रूनाग स्थित साइट पर 2 माह के लिए पैराग्लाइडिंग पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। 15 सितम्बर के बाद से पैराग्लाइडिंग को फिर से लोगों व पर्यटकों के लिए शुरू कर दिया जाएगा।

RD Dhiman होंगे हिमाचल के नए Chief Secretary
वर्ष 1988 बैच के आईएएस अधिकारी आरडी धीमान को हिमाचल प्रदेश का नया मुख्य सचिव बनाया गया है। सरकार की ओर से इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। उनकी नियुक्ति वर्ष 1987 बैच के आईएएस अधिकारी रामसुभग सिंह के स्थान पर की गई है। हालांकि वरीयता सूची में आरडी धीमान से आगे वर्ष 1987 बैच की आईएएस अधिकारी निशा सिंह का नाम था। 

HPU ने घोषित किया B.Com अंतिम वर्ष का परीक्षा परिणाम
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने वीरवार को बीकॉम अंतिम वर्ष का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। बीकॉम की मैरिट सूची में लड़कियों का दबदबा रहा। मैरिट सूची में 13 लड़कियां शामिल हैं जबकि एक भी लड़का जगह बनाने में सफल नहीं हो पाया है। मैरिट सूची में डीएवी काॅलेज कांगड़ा की अंकिता ने प्रदेश भर में पहला स्थान हासिल किया है। 

कार सवार दंपति के दिए प्रसाद काे खाकर बिगड़ी 2 बहनों की हालत
रहस्यमयी परिस्थितियों में एक 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई है जबकि 8 वर्षीय बच्ची गंभीर हालत में पीजीआई में उपचाराधीन है। मामला जिला मुख्यालय ऊना के निकट लालसिंगी का है, जहां प्रवासी परिवार पर यह आफत टूटी है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि एक गाड़ी में सवार दंपति ने इन दोनों बच्चियों को खाने के लिए प्रसाद दिया, जिसके बाद इनकी हालत बिगड़ गई।

हिमाचल में आगमी 24 घंटों में भारी बारिश का यैलो अलर्ट जारी
हिमाचल में आज यानी शुक्रवार को भी भारी बारिश के आसार हैं। भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने यैलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार शुक्रवार को तेज बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान चलने के आसार भी हैं। वहीं शनिवार से प्रदेश में मानसून धीमा पड़ेगा। हालांकि 18 जुलाई तक मौसम खराब रहेगा लेकिन इस दौरान भारी बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है। 

सैर करने निकली बुजुर्ग महिला के गले से चेन छीनने का प्रयास
हमीरपुर शहर में बुधवार को देर रात चेन स्नैंचिग की वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार एक बुजुर्ग दंपति प्रताप नगर में शाम के वक्त सैर कर रहा था। इसी दौरान हैल्मेट पहने एक बाइक सवार ने बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन को झपटने का प्रयास किया। चेन स्नैचिंग की इस वारदात में चेन टूट गई और हड़बड़ाहट में बाइक सवार युवक भी मौके से फरार हो गया। 

SIU टीम की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
जिला बद्दी पुलिस की एसआईयू टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को चूरा-पोस्त की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान मुस्तफा पुत्र नूर मोहम्मद निवासी चुराह जिला चम्बा के रहने वाले के रूप में हुई है। 

आंगन में बने टैंक से पानी लेने गए व्यक्ति के साथ हुआ दर्दनाक हादसा
करसोग में पानी से भरे टैंक में डूबने से एक व्यक्ति की दुखद मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक करसोग उपमंडल के अंतर्गत उपतहसील बगशाड की ग्राम पंचायत मनोला नराश में 52 वर्षिय व्यक्ति बुधवार को देर रात मनरेगा टैंक से पानी निकालते समय बाल्टी समेत टैंक में गिर गया। इस दौरान व्यक्ति की पानी में डूबने से मौत हो गई।

कीचड़ से स्किड होकर पहाड़ी से टकराई बस
मंडी से धर्मपुर वाया दुर्गापुर जा रही एचआरटीसी बस ठनकर स्थित जांगल मोड़ के पास पहाड़ी से टकरा गई, जिससे चालक-परिचालक सहित करीब 10 यात्री आंशिक रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद सभी घायलों को रिवालसर नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है। सभी घायल सरकाघाट व धर्मपुर क्षेत्र के हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News