BJP विधायकों से मिलने आज हिमाचल आएंगी NDA की राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Jul 01, 2022 - 06:34 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल सरकार एक बार कर्ज लेने जा रही है। एनडीए की राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू भाजपा विधायकों के साथ बैठक करेंगी। बद्दी में एचआरटीसी की नई बसें बारिश के चलते जलमग्न हो गईं। उधर, हरियाणा रोडवेज की एक बस टीटीआर में हादसे का शिकार हो गई।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरेें सिर्फ यहां

हिमाचल सरकार फिर लेने जा रही 1000 करोड़ का कर्ज
हिमाचल प्रदेश सरकार विकास कार्य के साथ कर्मचारी व पैंशनरों की वित्तीय अदायगियों का भुगतान करने के लिए 1000 करोड़ रुपए का कर्ज लेने जा रही है। यह कर्ज 2 मदों में लिया जा रहा है, जिसमें 600 करोड़ रुपए 8 साल व 400 करोड़ रुपए 10 साल की अवधि के लिए लिया जाएगा। कर्ज लेने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद 6 जुलाई को सरकार के खाते में 1000 करोड़ रुपए की राशि जमा हो जाएगी।

शिमला से चंडीगढ़ जा रही हरियाणा रोडवेज की बस पलटी
शिमला से चंडीगढ़ की तरफ जा रही एक हरियाणा रोडवेज की बस (HR 68A-9770) राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 पर टीटीआर रिजाॅर्ट/होटल परवाणु के समीप सड़क पर पलट गई। बस में लगभग 20 से 25 यात्री सवार थे, जिनमें से लगभग आधा दर्जन यात्रियों को चोटें आईं बताई जा रही हैं। घायलों को मौके से उपचार हेतु ईएसआई अस्पताल परवाणु ले जाया गया है।

बद्दी में भाजपा विधायकों से मुलाकात करेंगी एनडीए की राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को भाजपा विधायक दल के साथ बद्दी में मुलाकात करेंगी। राष्ट्रपति के प्रत्याशी बनाए जाने के बाद यह उनका पहला हिमाचल का दौरा है। हालांकि यह उनका चुनावी दौरा है। बद्दी-नालागढ़ रोड पर किशनपुरा के ली मैरियट होटल में भाजपा विधायक दल के साथ उनकी बैठक होगी। 

2 शोधकर्ताओं ने हमीरपुर व मंडी से 188 साल बाद खोज निकाली दुर्लभ प्रजाति 
भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण के शोधकर्ता डाॅ. अम्बर श्रीवास्तव और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से निशांत चौहान द्वारा हिमालय की एक विलुप्त मान ली गई दुर्लभ पादप प्रजाति ब्रैकिस्टेल्मा एटेनुएटम को 188 वर्षों के अंतराल के उपरांत पुन: खोज निकाला है। इस प्रजाति को पहली बार सन् 1835 में ब्रिटिश वनस्पति वैज्ञानिक जॉन फोर्ब्स रॉयले ने हिमाचल प्रदेश के डूंगी गांव से संग्रहित किया था, जिसके आधार पर एक अन्य वनस्पति शास्त्री रॉबर्ट व्हाइट ने इसका वर्णन किया था। 

बद्दी में जलमग्न हुईं HRTC की नईं बसें
हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा अशोका लेलैंड कंपनी से हिमाचल के लिए नई बीएस 6 मॉडल की बसें खरीदी गईं हैं, जिनमें से 195 बसें नालागढ़ डिपो को भी भेजी गईं हैं लेकिन नालागढ़ में अशोका लेलैंड की एजैंसी के पास जगह न होने के चलते सभी बसों को बद्दी में एचआरटीसी की खाली पड़ी जगह पर खड़ा किया गया है, जिसमें आज सुबह बारिश का पानी भरने से सभी बसें जलमग्न हो गईं। 

हिमाचल में न्यूनतम बस किराये 2 रुपए की कटौती
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के लोगों को न्यूनतम बस किराए में 2 रुपए की कटौती का तोहफा दिया है। धर्मशाला में आयोजित ‘नारी को नमन’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने न्यूनतम किराये को 7 रुपए से घटाकर 5 रुपए करने की घोषणा की है। इस कार्यक्रम में एचआरटीसी बसों में महिलाओं को किराये में 50 फीसदी छूट का शुभारंभ किया गया।

ऊना में सीएम को काले झंडे दिखाने पर युवा कांग्रेस व भाजयुमो कार्यकर्ता भिड़े
मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने के दौरान जिला मुख्यालय ऊना में युवा कांग्रेस व भाजयुमो कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। यह भिड़ंत हाथापाई, मारपीट और नारेबाजी में बदल गई। इससे ऊना-नंगल हाईवे भी कुछ देर के लिए जाम हो गया। इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले को शांत करवाने का प्रयास किया लेकिन मुख्य सड़क काफी देर तक दंगल के रूप में परिवर्तित हो गई। 

बिजली बोर्ड के हजारों कर्मचारियों को राहत
बिजली बोर्ड में कार्यरत हजारों कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। बिजली बोर्ड निदेशक मंडल की बैठक में बिजली बोर्ड के हजारों कर्मचारियों को 2012 में पंजाब में मिले स्केल की तर्ज पर वित्तीय लाभ देने का फैसला लिया है। इसके तहत बोर्ड को हजारों कर्मचारियों को लाभ होगा। इन्हें पे-बैंड को चुनने में अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। 

नाकाबंदी पर शराब की खेप के साथ कार चालक गिरफ्तार
पुलिस थाना संगड़ाह की टीम ने नाकाबंदी के दौरान चैकिंग करते हुए बोरली से लगनू खेगुआ बाई फ्रिकेशन सड़क पर एक वाहन से 26 पेटियां शराब बरामद की हैं। एसपी ओमापति जम्वाल ने बताया कि प्रात:काल करीब 6.30 बजे एक टाटा टिगोर गाड़ी (एचपी 71-9857) खेगुआ साइड से रेडली की तरफ आ रही थी। पुलिस ने इस कार को नाके पर रोका, जिसका आगे से बोनट थोड़ा खुला हुआ था।

शक्तिपीठों में गुप्त नवरात्रों का शुभारंभ, आस्था का उमड़ा सैलाब
विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में वीरवार गुप्त नवरात्रों का शुभारंभ हुआ। ज्वालामुखी के विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला ने पूजा-अर्चना कर इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विश्व में शांति और जनकल्याण के लिए साल में 2 बार गुप्त नवरात्रों का आयोजन धार्मिक स्थलों में किया जाता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News