प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल बनेगा सर्वश्रेष्ठ राज्य : अनुराग

punjabkesari.in Sunday, Aug 22, 2021 - 09:41 PM (IST)

देहरा/धर्मशाला (जोशी/ब्यूरो): केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ सबका विकास उद्देश्य के तहत पूरे देश को एक सूत्र में पिरोया है लेकिन हिमाचल प्रदेश के प्रति उनके लगाव के कारण यह कहना कदाचित गलत नहीं होगा कि उनके नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनेगा। यह बात उन्होंने अजन आशीर्वाद यात्रा के दौरान कुंदलीहार में जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कही। अनुराग ठाकुर ने कहा कि राज्य को देवभूमि के साथ-साथ खेल भूमि के तौर पर भी विकसित करेंगे जिससे न केवल प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा में और निखार आएगा बल्कि उन्हें प्रगति के कई अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि गुलेर की पेंटिंग, चम्बा का रुमाल व किन्नौर की केतली सहित कई सांस्कृतिक व पारम्परिक कलाओं की भरमार है जो राज्य के लोगों के हुनर का परिचायक है, ऐसे हुनर को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए प्रयास किए जाएंगे। इससे पहले कुंदलीहार पहुंचने पर पूर्व मंत्री ठाकुर रविंद्र सिंह रवि के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अनुराग ठाकुर का स्वागत किया।

अनुराग ठाकुर ने मां ज्वाला का लिया आशीर्वाद

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ज्वालामुखी मंदिर पहुंच कर मां ज्वाला का आशीर्वाद लिया जहां राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष एवं विधायक रमेश धवाला ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, पूर्व मंत्री ठाकुर रविन्द्र सिंह रवि, उद्योग एवं परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर, संजय गुलेरिया, जिला भाजपा अध्यक्ष संजीव शर्मा व मंडल अध्यक्ष सहित कार्यर्का उपस्थित थे।

प्रदेश के विकास के लिए कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार जरूरी

जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान कांगड़ा पहुंचे अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तारीकरण होगा जोकि आवश्यक है। स्थानीय व्यापारियों को फायदा होगा, वहीं पर्यटन भी बढ़ेगा। इतना ही नहीं, इससे जिले में बड़े उद्योग भी आएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास बढ़ाने के लिए कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार बेहद जरूरी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News