हिमाचल में बदला मौसम, बारिश और हिमपात से ठंड बढ़ी; IMD ने जारी किया ओलावृष्टि का अलर्ट

punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 09:34 AM (IST)

Himachal Weather Update : हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई और हिमपात हुआ, जिससे न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गयी। शिमला मौसम कार्यालय ने शनिवार को सात और आठ अप्रैल को चार से पांच जिलों में ओलावृष्टि की आशंका को लेकर 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया। लाहौल स्पीति तथा कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार शाम से पिछले 24 घंटों में ताजा हिमपात हुआ।

तेज हवाओं के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

गोंडला में 13 सेंटीमीटर, हंसा और केलांग में 7.5 सेंटीमीटर तथा कोक्सर में तीन सेंटीमीटर हिमपात हुआ। वहीं, मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ओलावृष्टि, गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी, आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

बुधवार को आएगा नया पश्चिमी विक्षोभ

उत्तर-पश्चिम भारत में बुधवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के आने का अनुमान है। इसके अलावा राज्य में 10 अप्रैल तक बारिश होने का अनुमान जताया गया है। शनिवार को शिमला, सुंदरनगर, भुंतर, जोत और कांगड़ा में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हुई और आकाशीय बिजली चमकी, जबकि सेओबाग, सुंदरनगर, ताबो और नेरी में 39 से 59 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। कई स्टेशनों पर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में क्रमशः दो से पांच डिग्री सेल्सियस और दो से आठ डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई। ताबो में रात का तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया और यह सबसे ठंडा स्थान रहा। मानसून से पहले के मौसम में एक मार्च से चार अप्रैल तक हिमाचल प्रदेश में सामान्य वर्षा 120.5 मिमी के मुकाबले 105.5 मिलीमीटर बारिश हुई जो 12 प्रतिशत कम है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News