Himachal Weather: हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज, जानें आने वाले दिनों का पूर्वानुमान

punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 01:26 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। अप्रैल के महीने में भी रोहतांग, लाहौल-स्पीति और भरमौर-पांगी की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी जारी है, जबकि शिमला, मंडी और धर्मशाला जैसे निचले इलाकों में तेज बारिश हुई है। इस ठंड के कारण किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कई हिस्सों में तापमान शून्य से नीचे (मइनस) चला गया है, वहीं शिमला और मनाली में भी रात का तापमान 5 डिग्री से कम दर्ज किया जा रहा है।

हादसे और रास्ते बंद

खराब मौसम की वजह से राज्य में कई जगह नुकसान की खबरें हैं। भरमौर-पठानकोट हाईवे भूस्खलन (लैंडस्लाइड) के कारण बंद हो गया है। कुल्लू के बंदरोल में एक होटल का हिस्सा गिर गया है, जबकि शिमला और कुल्लू में कुछ स्कूल और मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। रास्तों पर बर्फ जमा होने के कारण अटल टनल के लिए साधारण गाड़ियों की एंट्री बंद कर दी गई है; वहां से केवल 4x4 गाड़ियां ही गुजर पा रही हैं। कुल्लू में एक कार दुर्घटना में दिल्ली का एक जोड़ा घायल हो गया है।

बिजली और खेती पर असर

पांगी और सलूणी इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश के चलते 65 गांवों की बिजली गुल हो गई है और दो मुख्य सड़कें भी बंद हैं। इसके अलावा, कांगड़ा में हुई ओलावृष्टि ने किसानों की गेहूं और सब्जियों की फसल को काफी नुकसान पहुँचाया है।

आने वाले दिनों का पूर्वानुमान

शिमला, सोलन, मंडी और कांगड़ा जैसे मैदानी व मध्य इलाकों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन किन्नौर और लाहौल-स्पीति में हल्की बारिश हो सकती है।

11 और 12 अप्रैल को मैदानी इलाकों में धूप खिली रहेगी, लेकिन अन्य जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

13 अप्रैल से पूरे प्रदेश में मौसम साफ होने और स्थिति में सुधार की उम्मीद जताई गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News