BJP ने मंडी व कांगड़ा से घोषित किए प्रत्याशी, सुधीर शर्मा ने सुक्खू को बताया कांग्रेस का अंतिम सीएम, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Monday, Mar 25, 2024 - 12:24 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): भाजपा ने हिमाचल की 2 अन्य लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। वहीं कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की। पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के अंतिम सीएम होंगे। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की है। नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश समेत पूरा देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी पर मतदान करेगा। प्रदेश की सियासी जंग में सोशल मीडिया को राजनीतिक दल एक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। कांग्रेस के 6 अयोग्य घोषित बागी विधायकों सहित प्रदेश भाजपा के 2 नेताओं का यूथ कांग्रेस नाहन ने सामूहिक पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया। सोलन जिले की धर्मपुर पुलिस ने एक महिला डाॅक्टर के खिलाफ रैगिंग को लेकर मामला दर्ज किया है। ऊना शहर के साथ लगते रामपुर गांव में एक 10 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों मौत होने के बाद उसको दफना दिया गया। कुल्लू जिला में पुलिस ने 3 लोगों को चरस और हैरोइन की खेप के साथ पकड़ा है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

भाजपा ने की प्रत्याशियों की घोषणा, मंडी से कंगना रणौत व कांगड़ा से राजीव भारद्वाज लड़ेंगे लोकसभा चुनाव
भाजपा ने हिमाचल की 2 अन्य लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इसके तहत मंडी से भाजपा ने बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत और कांगड़ा सीट से सीटिंग एमपी किशन कपूर का टिकट काटकर डॉ. राजीव भारद्वाज को उम्मीदवार बनाया गया है। इस तरह भाजपा ने लोकसभा की चारों सीटों पर प्रत्याशी तय कर दिए हैं।

शिमला में सीएम सुक्खू से मिले पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, मंडी की सियासत पर की मंत्रणा
हिमाचल में जारी सियासी हलचल के बीच रविवार को कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच मंडी की ताजा सियासत पर लंबी मंत्रणा हुई। प्रकाश चौधरी ने मुख्यमंत्री को लोकसभा चुनाव की तैयारियों और समीकरणों के संबंध में भी जानकारी दी। 

सुधीर शर्मा ने साधा निशाना, बोले-कांग्रेस के अंतिम सीएम होंगे सुखविंदर सिंह सुक्खू
पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के अंतिम सीएम होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसा उनकी कार्यशैली के कारण होगा क्योंकि वे खुद को सबसे ऊपर मानते हैं और चुने हुए प्रतिनिधियों का अपमान करते हैं। सुधीर शर्मा चंडीगढ़ में एक कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे, जिसमें भाजपा में शामिल होने वाले सभी 9 नेता मौजूद थे।

हमने सही का समर्थन तो गलत का विरोध करने में रखा विश्वास : विक्रमादित्य सिंह
हिमाचल में सामने आए सियासी घटनाक्रम के बीच लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की है। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर डाली पोस्ट में लिखा है कि हमने हमेशा अपने राजनीतिक जीवन में सही का समर्थन और गलत का विरोध करने में विश्वास रखा है। 

जयराम ठाकुर का दावा, PM मोदी की गारंटी पर मतदान करेगा पूरा हिमाचल
हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश समेत पूरा देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी पर मतदान करेगा। देश पहली बार ऐसे प्रधानमंत्री को देख रहा है, जिसकी हर बात पत्थर की लकीर है। देश को पहली बार ऐसी मजबूत सरकार मिली हैं जो कहती है वह करके दिखाती है। 

हिमाचल की सियासी जंग में सोशल मीडिया बना हथियार, CM ने भाजपा तो नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस पर साधा निशाना
हिमाचल की सियासी जंग में सोशल मीडिया को राजनीतिक दल एक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं, ऐसे में आए दिन सत्ताधारी और विपक्ष दलों के नेताओं द्वारा सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ जुबानी हमले किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी रविवार को अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट और वीडियो पाेस्ट कर विपक्ष के साथ ही भाजपा का दामन थामने वालों पर निशाना साधा है।

नाहन में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, कांग्रेस के बागियों सहित भाजपा नेताओं का फूंका पुतला
कांग्रेस के 6 अयोग्य घोषित बागी विधायकों सहित प्रदेश भाजपा के 2 नेताओं का यूथ कांग्रेस नाहन ने सामूहिक पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया, साथ ही उनके खिलाफ नारेबाजी भी की। स्थानीय कांग्रेस भवन के नजदीक यूथ कांग्रेस के करीब दर्जन भर कार्यकर्त्ताओं ने यूथ कांग्रेस नाहन के अध्यक्ष आमिर खान के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया। 

सीनियर ने ली जूनियर डाॅक्टर की रैगिंग, पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी
सोलन जिले की धर्मपुर पुलिस ने एक महिला डाॅक्टर के खिलाफ रैगिंग को लेकर मामला दर्ज किया है। एसपी गौरव सिंह ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। उन्होंने बताया कि एक महिला डाॅक्टर निवासी पंजाब हाल छात्र मेडिकल काॅलेज सुल्तानपुर जिला सोलन ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह एमएमयू सुल्तानपुर से पीजी ईएनटी कर रही है तथा उसे सीनियर डाॅक्टर द्वारा लगातार मानसिक व शारीरिक तौर पर परेशान किया जा रहा है। 

रामपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौ.त के बाद दफनाई बच्ची, पुलिस ने कब्जे में लिया शव
ऊना शहर के साथ लगते रामपुर गांव में एक 10 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों मौत होने के बाद उसको दफना दिया गया। बच्ची की मौसी ने पुलिस को सूचित किया तो पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है।

कुल्लू: 1.306 किलोग्राम चरस और 7.18 ग्राम हैरोइन के साथ 3 गिरफ्तार
कुल्लू जिला में पुलिस ने 3 लोगों को चरस और हैरोइन की खेप के साथ पकड़ा है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार गड़सा में शक के आधार पर एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए रोका गया। इस दौरान जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 956 ग्राम चरस बरामद हुई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News