सरकार के एक साल के जश्न में शामिल होंगे कांग्रेस के 2 बड़े नेता, नौणी विश्वविद्यालय में 23 मेधावी गोल्ड मैडल से नवाजे, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Sunday, Dec 10, 2023 - 12:00 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): प्रदेश सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर 11 दिसम्बर को धर्मशाला में आयोजित हो वाले जश्न में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पार्टी के हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला शामिल होंगे। हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा है कि यह जश्न मनाने का वर्ष नहीं हैं। डाॅ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी का 12वां दीक्षांत समारोह मनाया गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ऐलान किया कि प्रदेश का किसान अब प्राकृतिक खेती से घर बैठे हर महीने कम से कम 20 से 25 हजार रुपए कमाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार अगर प्रदेश की मदद न करे तो यह सरकार कर्मचारियों को वेतन भी न दे पाए। केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि सभी लोग टीवी तो देखते ही हैं और आजकल टीवी पर कांग्रेस के सांसद के घर की अलमारियों में से 500-500 रुपए के नोटों के बंडल निकल रहे। हिमाचल प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में 2 अवार्ड मिले हैं। धर्मशाला के तपोवन में 19 से 23 दिसम्बर तक चलने वाले शीतकालीन सत्र को लेकर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने 18 दिसम्बर को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। हिमाचल के सभी न्यायालयों में शनिवार को सजी राष्ट्रीय लोक अदालत में निपटारे के लिए आए मामलों में से 36583 मामलों का मौके पर ही निवारण किया गया। बिलासपुर पुलिस ने मुंबई निवासी 2 लोगों को चिट्टे व गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। 

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

सरकार के एक साल के जश्न में शामिल होंगे कांग्रेस के ये 2 बड़े नेता, समारोह के लिए 1000 बसें बुक
प्रदेश सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर 11 दिसम्बर को धर्मशाला में आयोजित हो वाले जश्न में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पार्टी के हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला शामिल होंगे। उनका इस कार्यक्रम में आना लगभग तय हो गया है। हालांकि सरकार ने पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी, पार्टी नेता राहुल गांधी सहित अन्य नेताओं को भी निमंत्रण दिया गया है। 

नौणी विश्वविद्यालय में 1305 विद्यार्थियों को प्रदान कीं डिग्रियां, 23 मेधावी गोल्ड मैडल से नवाजे
डाॅ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी का 12वां दीक्षांत समारोह मनाया गया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। राज्यपाल ने 773 विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। इसके अलावा 1305 विद्यार्थियों को बीएससी उद्यानिकी और बीएससी वानिकी, बीटैक बायो-टैक्नोलॉजी, एमबीए/एबीएम, एमएससी और पीएचडी उद्यानिकी एवं वानिकी में डिग्रियां प्रदान कीं। 

यह जश्न मनाने का वर्ष नहीं, भाजपा करेगी विरोध : राजीव बिंदल
हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा है कि यह जश्न मनाने का वर्ष नहीं हैं, ऐसे में क्या कांग्रेस सरकार 11 दिसम्बर को आपदा का जश्न मनाएगी? उन्होंने कहा कि भाजपा 11 दिसम्बर को जिला स्तर पर इस जश्न का विरोध करेगी। इसके अलावा 12 दिसम्बर को मंडी एवं 18 दिसम्बर को कांगड़ा जिला में भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। 

प्राकृतिक खेती से किसान कमाएगा 20 से 25 हजार रुपए महीना : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ऐलान किया कि प्रदेश का किसान अब प्राकृतिक खेती से घर बैठे हर महीने कम से कम 20 से 25 हजार रुपए कमाएगा। सरकार अपने बजट में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने वाली एक ऐसी योजना लाएगी, जिससे हिमाचल के किसानों की आय बढ़ेगी। 

केंद्र की मदद के बिना कर्मचारियों को वेतन भी नहीं दे सकती प्रदेश सरकार : जयराम
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार अगर प्रदेश की मदद न करे तो यह सरकार कर्मचारियों को वेतन भी न दे पाए। वह शनिवार को दून हलके के कंडोल में भारत विकसित संकल्प यात्रा के दौरान जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हम केंद्र सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धियों के साथ लोगों के बीच में आए हैं। 

आजकल टीवी पर नजर आ रहा कांग्रेस के भ्रष्टाचार का असली चेहरा : अनुराग ठाकुर
केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि सभी लोग टीवी तो देखते ही हैं और आजकल टीवी पर कांग्रेस के सांसद के घर की अलमारियों में से 500-500 रुपए के नोटों के बंडल निकल रहे। उन्होंने कहा कि अब तक करीब साढ़े 300 करोड़ से ज्यादा की नकदी मिल चुकी है और नोट गिनने वाली मशीनें भी अब नोट गिनते-गिनते थक गई हैं, लेकिन नोट मिलना अभी भी जारी है।

हिमाचल को मिले सर्वश्रेष्ठ साहसिक पर्यटन और ईको पर्यटन गंतव्य अवार्ड
हिमाचल प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में 2 अवार्ड मिले हैं। नई दिल्ली में आयोजित हुए ट्रैवलर अवार्ड्स-2023 में हिमाचल प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ साहसिक पर्यटन गंतव्य और ईको पर्यटन गंतव्य चुना गया है। हिमाचल प्रदेश ने कांगड़ा जिले के बीड़ बिलिंग के लिए सर्वश्रेष्ठ साहसिक पर्यटक गंतव्य स्वर्ण श्रेणी और लाहौल-स्पीति जिले के स्पीति के लिए सर्वश्रेष्ठ ईको पर्यटन गंतव्य स्वर्ण श्रेणी में पुरस्कार जीते। 

विधानसभा अध्यक्ष ने शीतकालीन सत्र से एक दिन पहले बुलाई सर्वदलीय बैठक
धर्मशाला के तपोवन में 19 से 23 दिसम्बर तक चलने वाले शीतकालीन सत्र को लेकर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने 18 दिसम्बर को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इसमें विपक्ष की तरफ से नेता प्रतिपक्ष एवं सरकार की तरफ से संसदीय कार्यमंत्री हर्षवर्धन चौहान को न्यौता दिया गया है। 

राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने नौणी विश्वविद्यालय में 1.16 करोड़ रुपए से बने छात्रावास का किया लोकार्पण
नौणी विश्वविद्यालय में आयोजित 12वें दीक्षांत समारोह के बाद राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 1.16 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित कौशल विकास छात्रावास और 40 लाख रुपए की लागत से निर्मित विवेकानंद योगा और मैडीटेशन सैंटर का लोकार्पण किया। 

हिमाचल के न्यायालयों में लगी राष्ट्रीय लोक अदालत, 36583 मामलों का मौके पर निपटारा
हिमाचल के सभी न्यायालयों में शनिवार को सजी राष्ट्रीय लोक अदालत में निपटारे के लिए आए मामलों में से 36583 मामलों का मौके पर ही निवारण किया गया और 1066063958 रुपए की संपत्ति दावेदारों को वसूल करवाई गई। राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न पीठों के समक्ष 95355 मामलों को लाया गया था, जिसमें से एक ही दिन में 36583 मामले निपटाए गए। 

पुलिस को नाकाबंदी पर मिली सफलता, चिट्टे व गांजे के साथ मुंबई के 2 लोग गिरफ्तार
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ छेड़े अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने मुंबई निवासी 2 लोगों को चिट्टे व गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार बिलासपुर पुलिस ने फोरलेन पर मंडी भराड़ी पुल के पास नाका लगाया था। इस दौरान एक हरियाणा नंबर की टैक्सी को जांच के लिए रोका गया। कार में 2 लोग सवार थे, जिनकी पहचान ओबेश बदरूदीन और सईद जाफर निवासी मुंबई महाराष्ट्र के रूप में हुई। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News